script

फांसी के फंदे पर झूलता मिला विवाहिता का शव, दहेजहत्या का आरोप

locationपीलीभीतPublished: Feb 01, 2018 09:02:09 pm

सुसराल पक्ष के सभी लोग घटना के बाद से फरार हैं।

Dowry Murder
पीलीभीत। थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में दहेज लोभियों ने एक विवाहिता की जान ले ली। सुसरालीजन कई दिनों से दहेज में दो भैंसों की मांग कर रहे थे। मृतक पिता के परिजनों का आरोप है कि ससुरालियों ने बेटी को पहले तो जमकर पीटा और फिर फांसी पर लटकाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है वहीं सुसराल पक्ष के सभी लोग घटना के बाद से फरार हैं।
भैंस या फिर दो लाख रूपए की कर रहे थे मांग

थाना सेहरामऊ उत्तर के गांव रायपुर की रहने वाली युवती फातिमा की शादी करीब 2.5 साल पहले सेहरामऊ उत्तर क्षेत्र के ही गांव केसरपुर कलां के गुलाम मोहम्मद से हुयी थी। शादी के बाद फातिमा ने एक पुत्र को भी जन्म दिया। लेकिन पति गुलाम मोहम्मद आएदिन दहेज की मांग करता रहता था और फातिमा को प्रताड़ित करता था। फातिमा के पिता भूरा ने बताया कि उनका दामाद कई दिनों से अच्छी नस्ल की दो दुधारू भैंस देने की मांग कर रहा था। जिसको पूरा करवाने के लिये गुलाम मोहम्मद और उसके परिजन फातिमा के साथ मारपीट करते थे और आएदिन उत्पीड़न करते थे। भैंस या फिर दो लाख रूपए की रकम लाने का दबाव बना रहे थे। कई बार दोनों परिवारों के बीच गांव की पंचायत भी बैठी लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
मारपीट के बाद फांसी पर लटकाया

विवाहिता परिजनों के पास आज फातिमा की सुसराल के एक ग्रामीण का फोन पहुंचा कि तुम्हारी लड़की की फांसी पर लटकने से मौत हो गई है। गांव पहुंचकर देखा तो फातिमा का शव नीचे पड़ा हुआ था। पीठ पर चोटों के निशान थे। मौके पर फातिमा के सिर के बाल काफी टूटे हुए पड़े थे। साफ लग रहा था कि फातिमा को पीटा गया हैै। सूचना पर सेहरामऊ एसएचओ मौके पर पहुंचे है और जांच शुरू कर दी है व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ट्रेंडिंग वीडियो