scriptमेनका के गढ़ में जब्त हुई भाजपा की जमानत, सपा को मिली जीत, देखें परिणाम | pilibhit nikay election results 2017 update | Patrika News

मेनका के गढ़ में जब्त हुई भाजपा की जमानत, सपा को मिली जीत, देखें परिणाम

locationपीलीभीतPublished: Dec 01, 2017 07:39:31 pm

यूपी निकाय चुनाव 2017 में भाजपा को प्रचंड जनादेश मिला है, लेकिन केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के गढ़ में एक सीट पर भाजपा प्रत्याशी की जब्त हो गई है।

Barabanki nikay chunav result 2017

Barabanki nikay chunav result 2017

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव 2017 में भाजपा को प्रचंड जनादेश मिला है, लेकिन केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के गढ़ पीलीभीत की तीन निकायों में से सिर्फ पूरनपुर नगर पालिका परिषद से ही भाजपा जीत सकी है। बीसलपुर नगर पालिका परिषद में तो भाजपा की जमानत जब्त हो गई। यहां से सपा प्रत्याशी नूर अहम अंसारी ने जीत दर्ज की। वहीं पीलीभीत नगर पालिका से निवर्तमान चेयरमैन प्रभात जायसवाल की पत्नी विमला जायसवाल ने भाजपा की डॉक्टर मिश्रा को हराया है ।

पीलीभीत से निर्दलीय विमला जायसवाल जीतीं
शुक्रवार को जब मतगणना शुरू हुई तो सभी प्रत्याशियों की धड़कनें तेज थीं। पीलीभीत नगर पालिका सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर मिश्रा ने शुरुआत में निर्दलीय विमला जायसवाल को कड़ी टक्कर दी, लेकिन जीत हासिल नहीं हुई। अध्यक्ष पद की लड़ाई में विमला जायसवाल ने 18954 वोट पाकर जीत दर्ज की। उन्होंने दिव्या मिश्रा को 7067 वोटों से हरा दिया। उन्हें 11887 वोट मिले। तीसरे नंबर पर बसपा की नसरीन अंसारी और सपा प्रियंका कौशिक चौथे नंबर पर रही। इन दोनों की जमानत जब्त हो गई ।

पूरनपुर नगर पालिका पर भाजपा का कब्जा
पूरनपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार लल्लन ने 1490 वोटों से सपा के मुन्ने मियां अनजाना को हरा दिया। अनजाना को 6210 वोट मिले। वहीं प्रदीप कुमार ने 7700 वोट पाकर जीत हासिल की। यहां तीसरे और चौथे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी रहे ।

बीसलपुर में जब्त हुई भाजपा की जमानत
बीसलपुर नगर पालिका सीट से समाजवादी पार्टी के नूर अहमद अंसारी ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने 2258 वोटों से निर्दलीय प्रत्याशी छेदालाल जायसवाल को मात दी। नूर अहमद अंसारी को 12210 वोट मिले। जबकि छेदालाल को 9952 वोट हासिल हुए। यहां भाजपा डॉक्टर महेश कुमार गुप्ता की जमानत जब्त हो गई। इन्हें 4085 वोट ही मिल सके और चौथे नंबर पर रहे। तीसरे नंबर पर बसपा के मोहम्मद सलीम रहे। इन्हें 4421 वोट मिले हैं ।

ट्रेंडिंग वीडियो