scriptएम्स में भर्ती अमित शाह से मिलने नेताओं का लगा हुजूम, भीड़ में बेटे जय शाह का जूता हुआ गुम | amit shah admitted aiims politician crowd son jai shah lost his shoes | Patrika News

एम्स में भर्ती अमित शाह से मिलने नेताओं का लगा हुजूम, भीड़ में बेटे जय शाह का जूता हुआ गुम

locationनई दिल्लीPublished: Jan 18, 2019 02:28:34 pm

एम्स में भर्ती अमित शाह से मिलने नेताओं का लगा हुजूम, भीड़ में बेटे जय शाह का जूता हुआ गुम

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह स्वाइन फ्लू से जूझ रहे हैं। बीमारी के चलते वे दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती हैं। यही वजह है कि गुरुवार को उनसे मिलने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। एम्स में उनके भर्ती होने के बाद से वीवीआईपी गतिविधियां बढ़ गई है। दिग्गज हस्तियों के अस्पताल में आने-जाने का सिलसला जारी है। आलम यह है कि अमित शाह का स्पेशल वार्ड वीवीआईपीयों से ही भरा रहता है। एक के बाद एक पार्टियों के दिग्गज वहां पहुंच रहे हैं और शाह का हाल जान रहे हैं। यही नहीं शाह की सेहत से जुड़ी हर छोटी बड़ी जानकारी के लिए मीडिया भी वहां बड़ी संख्या में जुटा है।

गुरुवार को एक वक्त ऐसा आया कि यहां आने जाने वालों का हुजूम लग गया और ऐसे में अमित शाह के बेटे जय शाह का जूता ही खो गया। लोगों के बढ़ते हुजूम और अफरा-तफरी को देखते हुए जय ने कमरे में जाने से पहले लोगों को मास्क लगाने के लिए कहा है।

आपको बता दें कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को बुधवार को स्वाइन फ्लू के चलते एम्स में भर्ती किया गया था। शाह के भर्ती होने के बाद से ही वहां भाजपा समर्थक, दिग्गज नेताओं समेत मीडिया का हुजूम जमा होने लगा। एम्स के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रणदीप गुलेरिया की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
हाल जानने पहुंचे दिग्गज
अमित शाह ने अपने बीमार होने की जानकारी खुद ट्वीट करके दी। जानकारी के मुताबिक शाह को सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद एम्स लाया गया, जहां उन्हें स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि की गई। अमित शाह के एम्स में भर्ती होने के बाद पार्टी के कार्यकर्ता समेत राजनीतिक हस्तियां स्वस्थ होने की कामना संदेश भेज रही हैं।
शुरू हो गए विवादित बयान
शाह के भर्ती होने के बाद नेताओं के विवादित बयान भी आने शुरू हो गए। इन विवादित बयानों राजनीतिक पारा गरमा दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीके हरिप्रसाद ने कर्नाटक में ऑपरेशन लोटस और अमित शाह के स्वान फ्लू को जोड़ते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उन्होंने शाह की बीमारी को ‘सूअर का जुकाम’ बताया और कहा कि कर्नाटक की सरकार को अस्थिर करने की कोशिश करेंगे तो और भी खतरनाक बीमारियां होंगी।
वहीं हरिप्रसाद के बयान का पलटवार करते हुए भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हरिप्रसाद का बयान कांग्रेस की सोच बताता है। फ्लू का तो इलाज है लेकिन कांग्रेस के नेताओं की मानसिक बीमारियों का इलाज नहीं है।
रैली और सभाओं पर मंडराया संकट
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आगामी दिनों में पश्चिम बंगाल की मुहिम पर जाने वाले थे। उनकी यात्रा 20 जनवरी से प्रस्तावित है। यहां वह तीन रैलियों को संबोधित करने वाले हैं। शाह ने राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से आधे पर कब्जा जमाने का लक्ष्य तय किया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो