राजनीति

पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को केजरीवाल ने बताया ‘गंदगी’, कहा- अच्छा हुआ साफ हो गई

बरनाला की रैली में अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

Jan 21, 2019 / 07:27 am

Kapil Tiwari

Arvind Kejriwal

चंडीगढ़। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने रविवार से चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी। आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पंजाब के बरनाला में सभा कर चुनाव प्रचार का आगाज किया। अरविंद केजरीवाल ने सभा में ऐलान किया कि आम आदमी पार्टी सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को केजरीवाल ने बताया ‘गंदगी’

रैली में अरविंद केजरीवाल ने उन नेताओं पर भी चुप्पी तोड़ी, जिन्होंने हाल ही में पार्टी को छोड़ा है। पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं को लेकर केजरीवाल ने कहा कि ‘गंदे लोगों’ ने पार्टी छोड़ दी है, अब पार्टी एकजुट है। बरनाला में रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, “आप को तोड़ने की कोशिशें होती रही हैं। मैं आप लोगों से कहता हूं कि आप हमेशा की तरह मजबूत है। सिर्फ गंदे लोगों ने पार्टी छोड़ी है। आप एकजुट और मजबूत है।”

केजरीवाल ने की भगवंत मान की तारीफ

इस दौरान केजरीवाल ने संगरूर से आप के सांसद भगवंत मान की तारीफ की। केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान व अन्य लोग पंजाब में पार्टी का परचम लहरा रहे हैं और आने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी मजबूती से उतरेगी।

गठबंधन से केजरीवाल का इनकार

इसके अलावा केजरीवाल ने आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन पर बोलते हुए कहा कि हम किसी भी पार्टी से किसी तरह का कोई गठबंधन नहीं कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत भी हासिल करेगी।

हाल ही में इन नेताओं ने छोड़ी है AAP

पंजाब के अंदर हाल फिलाहल में आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ी है, जिसमें एचएस फुल्का एक बड़ा नाम हैं। एचएस फुल्का ने जनवरी के पहले हफ्ते में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आप को सिख विरोधी बताते हुए इस्तीफा दिया था। आपको बता दें कि एचएस फुल्का 1984 सिख विरोधी दंगा पीड़ितों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। फुल्का के अलावा पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में विधायक सुखपाल सिंह खैहरा का भी नाम शामिल है, जिन्होंने फुल्का के बाद पार्टी से इस्तीफा दिया।

Home / Political / पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को केजरीवाल ने बताया ‘गंदगी’, कहा- अच्छा हुआ साफ हो गई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.