राजनीति

बिहार में RJD-JDU सरकार बनते ही आया जंगलराज, BJP ने आपराधिक घटनाओं पर साधा निशाना

बिहार में नीतीश कुमार-तेजस्वी यादव के नेतृत्व में जदयू और राजद की नई सरकार बनते ही भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधना शुरू कर दिया है। भाजपा ने कई आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए राज्य में फिर से जंगलराज आने की बात कही है।

Aug 12, 2022 / 05:31 pm

Navneet Mishra

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा।

पत्रिका ब्यूरो
नई दिल्ली। एनडीए से अलग होकर नीतीश के राजद के साथ सरकार बनाने पर भारतीय जनता पार्टी हमलावर है। भाजपा ने नीतीश-तेजस्वी सरकार के बनते ही बिहार में फिर से जंगलराज आने की बात कही। दावे के समर्थन में भाजपा ने सरकार बनने के बाद हुईं कई आपराधिक घटनाओं का हवाला दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि बिहार में जंगल राज दोबारा आ गया है। गठबंधन बनने के पश्चात जदयू और आरजेडी के बीच जिस प्रकार की गतिविधियां बिहार में हुई हैं, उससे आपको अवगत कराता हूं। 10 अगस्त को बिहार में एक पत्रकार की गोलीमार कर हत्या कर दी गई। 11 अगस्त को एक और पत्रकार की हत्या कर दी गई और बेतिया के एक पुजारी की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई। 11 अगस्त को ही पटना के एक कार शोरूम में बहुत बड़ी लूट हुई और इसी दिन छपरा में जहरीली शराब के सेवन के कारण 6 लोग मृत्यु को प्राप्त हुए। छपरा में इससे पहले 13 लोगों की जहरीली शराब के कारण मुत्यु हुई थी और आदरणीय नीतीश कुमार जी के गृह क्षेत्र नालंदा में 10 लोगों की मौत हुई थी।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में जिस प्रकार से तेजी से जो अव्यवस्था फैल रही है उसका एक संस्मरण आपके सामने रखूंगा कि जिला पश्चिम चंपारण में 12 वर्षीय किशोरी से सामुहिक दुष्कर्म होता हो, मुजफ्फरपुर में एक व्यवसायी के घर में दिन-दहाड़े लूट होती है, आभूषण दुकानों में चोरी होती है। पूरे बिहार में चोरी, स्नैचिंग, हत्या, दुष्कर्म, लूट का तांडव मचा हुआ है।

संबित पात्रा ने नौकरियों के मुद्दे पर भी उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के दावे पर तंज कसा। संबित पात्रा ने कहा कि तेजस्वी यादव ने 2020 में कहा था कि हम आएंगे तो 10 लाख नौकरी देंगे। जब उनसे पूछा गया कि अब आप आ गए हैं तो 10 लाख नौकरी का क्या होगा? तो तेजस्वी यादव कहते हुए नजर आते हैं कि देखिए अभी तो हम मुख्यमंत्री नहीं बने हैं, मैंने कहा था कि जब हम मुख्यमंत्री बनेंगे तब नौकरी देंगे। बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि ये मैं की कहानी है, मतलब मैं बनूंगा तब होगा, हम से कुछ नहीं होगा। इसी परिवारवाद के खिलाफ भाजपा सतत लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।

Home / Political / बिहार में RJD-JDU सरकार बनते ही आया जंगलराज, BJP ने आपराधिक घटनाओं पर साधा निशाना

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.