राजनीति

राजद के ‘जंगलराज’ की याद दिलाएगा भाजपा का चुनाव प्रचार रथ: भूपेंद्र यादव

बिहार भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की तरफ से चुनाव प्रचार रथ गुरुवार को पटना से रवाना किया गया
रथ को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया

Oct 29, 2020 / 11:44 pm

Mohit sharma

नई दिल्ली। बिहार भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की तरफ से चुनाव प्रचार रथ गुरुवार को पटना से रवाना किया गया। रथ को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस रथ में कथित जंगलराज की तस्वीर दिखाते हुए राजग के शासन काल से उसकी तुलना की गई है। रथ में लगाई गई तस्वीरों के माध्यम से जंगलराज के उस समय को लोगों को याद दिलाने की कोशिश की गई। हत्या, अपहरण, लूटपाट, डकैती, रंगदारी और वसूली उद्योग के प्रतीकात्मक पोस्टर लगाए गए हैं।

इस मौके पर भाजपा नेता भूपेंद्र यादव ने कहा कि यह रथ पूरे बिहार में जंगल राज के उस 15 साल को याद दिलाएगा जिसमें व्यापारी या तो बिहार से बाहर चले गए या फिर व्यापार छोड़ने पर मजबूर हो गए।

उन्होंने कहा, “जंगलराज से अगर कोई सबसे ज्यादा प्रताड़ित हुआ था तो वो व्यापारी वर्ग ही था जिसने जंगल राज की असली तस्वीर देखी है। कोई भी सप्ताह ऐसा नहीं बितता था जब व्यापारियों की हत्या या अपहरण नहीं होता था। व्यापार करने के लिए उनसे रंगदारी वसूली जाती थी और नहीं देने पर उनका या उनके परिवार का अपहरण कर लिया जाता था।”

उन्होंने कहा कि यह रथ लोगों को जंगल राज की याद दिलाएगा और बदले बिहार की तस्वीर भी जनता के सामने रखेगा।

Home / Political / राजद के ‘जंगलराज’ की याद दिलाएगा भाजपा का चुनाव प्रचार रथ: भूपेंद्र यादव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.