राजनीति

शाह का फिर पार्टी अध्यक्ष चुना जाना तय, कैबिनेट में बदलाव संभव

बिहार चुनाव में मिली हार के बाद पीएम मोदी राज्य से मंत्रियों की संख्या कम कर सकते हैं

Jan 13, 2016 / 09:59 am

अमनप्रीत कौर

Amit Shah

नई दिल्ली। भाजपा के मौजूदा अध्यक्ष अमित शाह का फिर से पार्टी अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है, हालांकि ऐसा होते ही पार्टी और सरकार में कुछ बदलावों की संभावना है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कैबिनेट में भी बदलाव होने की संभावना है।

इस साल पांच राज्यों में चुनाव होने है, इसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के कामकाज को लोगों तक पहुंचाने में लगे रहेंगे और अपनी सरकार के लिए नए चेहरों की तलाश में हैं। हालांकि चार प्रमुख मंत्रालय- गृह, वित्त, रक्षा और विदेश में कोई बदलाव की संभावना नहीं है।

कहा जा रहा है कि बिहार चुनाव में मिली हार के बाद पीएम मोदी राज्य से मंत्रियों की संख्या कम कर सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि कुछ मंत्रियों के विभाग में फेरबदल किया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो यह सब बदलाव अमित शाह के पुन: चुने जाने के बाद ही किए जाएंगे।

शाह का चुनाव सर्वसम्मति से होने की उम्मीद है। पार्टी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि जिस प्रकार से उन्होंने काम किया है, सभी चाहते हैं कि वे फिर से उध्यक्ष बनें। सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2019 के चुनाव ते भाजपा की कमान मौजूदा अध्यक्ष अमित शाह के ही हाथ में रहेगी।

अमित शाह फिलहाल राजनाथ सिंह के तीन साल के अध्यक्ष पद के कार्यकाल को संभाल रहे हैं। यह कार्यकाल 23 जनवरी को पूरा हो रहा है। इस महीने के अंत में भाजपा अध्यक्ष का चुनाव होना है। जनवरी तक 18 राज्यों में चुनाव पूरे हो जाएंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का रास्ता भी साफ हो जाएगा। भाजपा के संविधान के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले 50 फीसदी राज्यों में चुनाव होना जरूरी है।

Home / Political / शाह का फिर पार्टी अध्यक्ष चुना जाना तय, कैबिनेट में बदलाव संभव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.