राजनीति

मिशन 2019 पर कांग्रेस का फोकस, अल्पेश ठाकोर को गुजरात और बिहार में दी गई बड़ी जिम्मेदारी

अल्पेश के अलावा पार्टी के 8 सदस्यों को अलग-अलग राज्यों का सचिव नियुक्त किया है। इसके अलावा अदिति सिंह को ऑल इंडिया महिला कांग्रेस का नया महासचिव नियुक्त किया गया है।

Aug 23, 2018 / 04:35 pm

Kapil Tiwari

alpesh thakor

नई दिल्ली। आगामी 2019 लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी-कांग्रेस दोनों पार्टियों ने ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने गुजरात और उत्तरप्रदेश में दो बड़े बदलाव किए हैं। दरअसल, गुरुवार को कांग्रेस ने गुजरात की राधनपुर सीट से विधायक अल्पेश ठाकोर को एक बड़ी जिम्मेदारी दे दी है। इसके अलावा यूपी की रायबरेली सदर सीट से विधायक अदिति सिंह को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। गुजरात में कांग्रेस पार्टी ने अप्लेश ठाकोर को राज्य का सचिव नियुक्त किया है। अल्पेश के अलावा पार्टी के 8 सदस्यों को अलग-अलग राज्यों का सचिव नियुक्त किया है। इसके अलावा अदिति सिंह को ऑल इंडिया महिला कांग्रेस का नया महासचिव नियुक्त किया गया है। आपको बता दें कि कांग्रेस ने हाल ही में संगठन में काफी बड़े फेरबदल किए हैं।

8 राज्यों में कांग्रेस पार्टी ने नियुक्त किए नए सचिव

अल्पेश ठाकोर को गुजरात कांग्रेस का सचिव नियुक्त करने के साथ-साथ उन्हें बिहार की भी अहम जिम्मेदारी दी गई है, जहां उन्हें सह-प्रभारी पद दिया है। अल्पेश और अदिति के अलावा विधायक शकील अहमद खान को जम्मू कश्मीर , राजेश धमानी को उत्तराखंड, बीपी सिंह को पश्चिम बंगाल, मोहम्मद जावेद को पश्चिम बंगाल, सरत राउत को पश्चिम बंगाल, चल्ला वमशी चंद रेड्डी को महाराष्ट्र और बीएम संदीप को महाराष्ट्र का सचिव नियुक्त किया गया है।

हाल ही में अहमद पटेल को बनाया था कोषाध्यक्ष

आपको बता दें कि इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने बड़ा फेरबदल करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में से एक अहमद पटेल को पार्टी का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया था। अहमद पटेल को मोतीलाल वोहरा की जगह कोषाध्यक्ष का पद दिया गया था। बता दें कि मोतीलाल वोहरा को उनकी बढ़ती उम्र की वजह से इस पद से हटाया गया था। अहमद पटेल के साथ-साथ पार्टी के सांसद आनंद शर्मा को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। आनंद शर्मा को कांग्रेस के फॉरेन सेल का चेयरमैन बनाया गया है।

सांसद आनंद शर्मा को बनाया गया फॉरेन सेल का अध्यक्ष

अहमद पटेल, गांधी परिवार के बेहद करीबी माने जाते हैं। वो सोनिया गांधी के राजनीति सचिव भी रहे हैं। माना जा रहा है कि इसीलिए उन्हें पार्टी के कोषाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक और बड़ा फैसला लेते हुए पार्टी के सांसद आनंद शर्मा को कांग्रेस फॉरेन सेल का अध्यक्ष बनाया है।

Home / Political / मिशन 2019 पर कांग्रेस का फोकस, अल्पेश ठाकोर को गुजरात और बिहार में दी गई बड़ी जिम्मेदारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.