राजनीति

रफाल मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, नुक्कड़ नाटक के जरिये मोदी सरकार को घेरने की तैयारी

रफाल मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, नुक्कड़ नाटक के जरिये मोदी सरकार को घेरने की तैयारी

Jan 11, 2019 / 11:43 am

धीरज शर्मा

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक दलों में हलचल बढ़ गई है। मोदी सरकार को घेरने के लिए विरोधी दलों ने कमर कस ली है। खास तौर पर कांग्रेस ने पांच राज्यों में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद अब भाजपा के विजयी रथ को रोकने की तैयारी कर ली है। यही वजह है कि रफाल का मुद्दा कांग्रेस किसी भी मुद्दे पर छोड़ने को तैयार नहीं है। मोदी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस रफाल को आम जनता के बीच ले जाने का फैसला किया है।

जनता के बीच भाजपा सरकार के सबसे बड़े घोटाले रफाल सौदे को जागरूकता फैलाई जाएगी। कांग्रेस ने इसके लिए अपनी तैयारी पूरी कर ली है। कांग्रेस संसद से लेकर चुनावी सभाओं तक राफेल डील मुद्दे पर भाजपा को जमकर घेर रही है और इसे आगे और व्यापक स्तर पर शुरू किया जाएगा।

अब पार्टी ने इसके लिए ‘सड़क’ पर उतरने का फैसला किया है। पार्टी अब नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से राफेल फाइटर जेट डील की सच्चाई को लोगों के सामने पेश करने जा रही है। कांग्रेस की मुंबई शहर इकाई ने एक स्थानीय थिअटर ग्रुप के साथ प्ले करने के लिए समझौता किया है। अब इस पूरे प्रकरण में कांग्रेस अपने पक्ष को नुक्कड़ नाटक के जरिए सबके सामने रखेगी।

डील के मुख्य चेहरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो रहेंगे ही साथ ही पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, फ्रांस के मौजूदा राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से लेकर पूर्व राष्ट्रपति ओलांद और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारण को भी थिएटर कलाकार अपने प्ले में निभाएंगे। वे नाटक के जरिये बताएंगे किस तरह इस पूरे सौदे में घपला हुआ और फिर कैसे लीपा पोती की गई।
संजय निरुपम ने बताया फॉर्मूला
कांग्रेस के नेता संजय निरुपम ने कहा, ‘राफेल डील में वास्तव में क्या हुआ, हम उसे जनता के सामने पेश करने की कोशिश करेंगे। नुक्कड़ नाटक के जरिए हम पूरे घटनाक्रम को जनता के सामने पेश करेंगे। केंद्र में सत्तासीन बीजेपी सरकार का यह सबसे बड़ा घोटाला है, जिसे हम उजागर करेंगे।’
निरुपम ने लिखा है प्ले
प्ले का एक हिस्सा लिखने वाले निरुपम ने कहा, ‘प्ले की स्क्रिप्ट तैयार है और रिहर्सल का काम जारी है। जल्द ही स्ट्रीट प्ले का काम शुरू होगा। हमारे इस प्ले को देश के अन्य शहरों में भी कांग्रेस की इकाई प्रस्तुत कर सकती है।’ पार्टी नेताओं ने कहा है कि कांग्रेस जल्द ही राफेल डील पर डॉक्युमेंट्स रिलीज कर सकती है, जिससे लोगों को घोटाले के बारे में जानकारी मिल सके।

Home / Political / रफाल मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, नुक्कड़ नाटक के जरिये मोदी सरकार को घेरने की तैयारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.