scriptघरेलू हिंसा केस: दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री भारती ने किया सरेंडर | Delhi: Former Law minister Somnath Bharti surrenders to Delhi Police | Patrika News

घरेलू हिंसा केस: दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री भारती ने किया सरेंडर

Published: Sep 16, 2015 01:32:00 pm

घरेलू हिंसा करने के मामले में फंसे दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती ने जांच में शामिल होने के लिए
दिल्ली पुलिस के समक्ष सरेंडर किया

Somnath Bharti

Somnath Bharti

नई दिल्ली। पत्नी पर घरेलू हिंसा करने के मामले में फंसे दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती ने जांच में शामिल होने के लिए बुधवार को दिल्ली पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। भारती मलवीय नगर से आप के विधायक हैं। उन्होंने मंगलवार को अग्रिम जमानत के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था और 17 सितम्बर तक अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने के बाद उन्होंने अब पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।

माना जा रहा है कि मंगलवार देर रात पार्टी सदस्यों से इस मुद्दे पर गहन विचार-विमर्श के बाद भारती पुलिस जांच में शामिल होने के लिए तैयार हुए। आप विधायक भारती अगर पुलिस हिरासत में लिए जाते हैं, तो वह गिरफ्तार होने वाले आप के चौथे विधायक होंगे। दिल्ली पुलिस पिछले चार महीने में अलग-अलग मामलों में आप विधायक जितेंद्र सिंह तोमर, मनोज कुमार और सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है।

इससे पहले सोमनाथ भारती ने मंगलवार रात दो बजे पुलिस थाने में हाजिरी लगाई थी। भारती अपने कुत्ते “डॉन” के साथ द्वारका नॉर्थ पुलिस थाने पहुंचे थे। सोमनाथ भारती की पत्नी लिपिका मित्रा ने उनके खिलाफ जान से मारने की कोशिश, दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। साथ ही लिपिका ने आरोप लगाया था कि भारती ने उन्हें कुत्ते से भी कटवाया है।

ट्रेंडिंग वीडियो