भोपाल

19 साल में 18 बार चला विशेष भर्ती अभियान, फिर भी बैकलॉक के पद नहीं भर पाई सरकार

इस बार फिर एक साल के लिए बढाई गई तिथि

भोपालSep 22, 2021 / 11:08 pm

दीपेश अवस्थी

भोपाल। राज्य के सरकारी विभागों में 19 साल बाद भी आरक्षित पदों के लिए रिक्त पदों पर सरकार को योग्य उम्मीदवार नहीं मिले हैं। यह स्थिति तब है जब इन 19 सालों में 18 बार विशेष भर्ती अभियान चलाया जा चुका है। इस विशेष भर्ती अभियान के बाद भी रिक्त पदों पर भर्ती नहीं की जा सकी। अब एक बार फिर से विशेष भर्ती अभियान की तिथि एक साल के लिए और बढ़ा दी गई है। यानी अब 30 जून 2022 तक विशेष भर्ती अभियान के तहत आरक्षित पदों पर इस वर्ग के उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जा सकती है।
राज्य में विशेष भर्ती अभियान की शुरूआत 19 सितम्बर 2002 से हुई थी। इसका मकसद यही था कि इस वर्ग के लोगों को नियुक्ति देकर रिक्त पदों की पूर्ति की जाए, लेकिन योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने से ये पद रिक्त रह गए। इसके बाद 11 जुलाई 2005 से कुछ समय के लिए फिर से अभियान के तहत नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन ज्यादा सफलता नहीं मिली। इसके बाद समय-समय पर विशेष भर्ती अभियान चलाया जाता रहा, लेकिन पद रिक्त ही रहे हैं। अब राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभाग प्रमुखों सहित कलेक्टर, कमिश्नरों को निर्देश दिए हैं कि आरक्षित रिक्त पदों की पूर्ति की कार्यवाही निर्धारित तिथि में की जाए।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.