scriptकांग्रेस की सरकार बनने पर भ्रष्टाचारियों को जेल भेजेंगे : अमरिंदर | If voted to power, we will send corrupt people to jail : Amarinder | Patrika News

कांग्रेस की सरकार बनने पर भ्रष्टाचारियों को जेल भेजेंगे : अमरिंदर

Published: Jan 14, 2016 10:17:00 pm

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा राज्य को दोनों हाथों से लूटने वाले बादल परिवार के राज का अंत जल्द होने वाला है

Amarinder Singh

Amarinder Singh

मुक्तसर। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनने पर पंजाब को लूटने वाले भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जाएगा। कैप्टन सिंह ने गुरुवार को माघी मेले पर आयोजित कांग्रेस की रैली को संबोधित करते हुए किसी पार्टी का नाम लिए बगैर आरोप लगाया कि केन्द्र की संप्रग सरकार में जो योजना शुरू किए गए थे उनका नाम बदलकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, मेरे मुख्यमंत्रित्वकाल में एक बूंद पानी पंजाब से बाहर नहीं जाने दिया। उसके लिए कुछ ठोस कदम उठाएं और कानून बनाया जिसको लेकर उन्हें निंदा सहनी पड़ी। राज्य को दोनों हाथों से लूटने वाले बादल परिवार के राज का अंत जल्द होने वाला है। राज्य की अर्थव्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। हर मोर्चे पर सरकार नाकाम रही है। मेरी समझ में यह बात नहीं आती कि जब केन्द्र सरकार राज्य के वास्ते कुछ दे नहीं रही तो अकाली दल भाजपा का साथ क्यों नहीं छोड़ता।

कैप्टन सिंह ने आम आदमी पार्टी (आप) को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में आप पहले ही दो फाड़ हो चुकी है। यह अन्य पार्टियों से नकारे गए चुनिंदा नेताओं के गुट के अलावा कुछ नहीं है। पंजाब में आप के पास अच्छे नेताओं का अभाव है। आप के पास कोई नीति या कार्यक्रम और नेतृत्व नहीं यह पार्टी केवल हवा में बातें करती है।

उन्होंने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाकर चुनाव नहीं जीता जा सकता। अकाली गठबंधन को मात देने का लक्ष्य रखने वाली तथा समान विचारधारा वाली पार्टियों के लिए कांग्रेस के दरवाजे खुले हैं। पार्टी पूरी तरह मजबूत है तथा 2017 का विधानसभा चुनाव में पार्टी बहुमत हासिल करेंगी। उन्होंने लोगों से कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरियाणा के रहने वाले हैं और दिल्ली की राजनीति कर रहे हैं। यदि आप सत्ता में आती है तो वह पंजाब की रक्षा करने के बजाय हरियाणा के हितों को तवज्जो देगी।

उन्होंने आप पर जमकर हमले किए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी सत्ता में आने पर किसानों के मुद्दे प्राथमिकता से हल करेगी। कर्ज के बदले जमीन की नीलामी नहीं होने देगी चाहे उसे कानून बनाना पड़े।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो