scriptतीन तलाक और दो राज्यों के नतीजों के साए में संसद सत्र आज से | parliament winter session start from today | Patrika News

तीन तलाक और दो राज्यों के नतीजों के साए में संसद सत्र आज से

Published: Dec 15, 2017 09:11:48 am

Submitted by:

ashutosh tiwari

शीतकालीन सत्र में कुल 14 बैठकें होंगी।

Modi government,parliament,Gujarat elections,winter session,tripal talaq
नई दिल्ली. संसद के शुक्रवार से शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र में जहां तीन तलाक पर विधेयक पेश किया जाएगा, वहीं दो राज्यों के चुनाव नतीजे भी सत्र के मिजाज को तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। पांच जनवरी तक चलने वाले इस बेहद छोटे सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी, वहीं विपक्ष भी सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है। सत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए गुरुवार को सरकार और लोकसभा अध्यक्ष ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। वहीं विपक्ष ने भी बैठक कर सरकार को घेरने के लिए अपनी रणनीति पर चर्चा की। इस सत्र में कुल 14 बैठकें होंगी।
पूरक अनुदान मांगों पर भी होगा विचार
संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार के मुताबिक सत्र में मुस्लिम महिला विवाह पर अधिकार विधेयक और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिए जाने को लेकर विधेयक पेश किए जाएंगे। इसके साथ ही सत्र में वस्तु एवं सेवा कर (राज्यों को मुआवजा) अध्यादेश 2017, ऋण शोधन और दिवाला संहिता (संशोधन) अध्यादेश, 2017, भारतीय वन (संशोधन) अध्यादेश, 2017 आदि विधेयक भी पेश हों। इसके अलावा पूरक अनुदान मांगों पर भी विचार किया जाएगा।
विपक्ष घेरेगा इन मुद्दों पर
विपक्ष राफेल लड़ाकू विमान सौदा, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह, अजीत डोभाल के बेटे शौर्य के साथ ही महिला आरक्षण विधेयक पास नहीं करने के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। भाजपा द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर पाकिस्तान के साथ मिलकर साजिश रचने के आरोपों को विपक्ष मुद्दा बनाएगा। विपक्ष की नजर गुजरात चुनाव के नतीजों पर भी है।
अलग मत्स्य मंत्रालय की मांग करेगी कांग्रेस
कन्याकुमारी. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को हाल ही में कन्याकुमारी में आए ओखी चक्रवात से पैदा हालातों का आकलन और लापता मछुआरों के पीडि़त परिजनों से मुलाकात कर कहा कि इस मुद्दे को संसद में उठा कर अलग मत्स्य मंत्रालय की मांग की जाएगी।
सत्र पर होगा चुनाव परिणाम का असर
सत्र शुरू होने के तीन दिन बाद ही गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव नतीजे सामने आ जाएंगे। नतीजा जो भी हो लेकिन सत्र पर इसका जोरदार असर देखने को मिलेगा। भाजपा और कांग्रेस दोनों की नजर इन नतीजों पर गहराई से टिकी हुई है।
‘केंद्र-राज्य चुनाव एकसाथ हों’
सर्वदलीय बैठक में पीएम ने सभी दलों से सहयोग की अपील के साथ ही एक बार फिर से केंद्र और राज्यों के सभी चुनाव एक साथ कराने की जरूरत पर जोर दिया। बैठक से ठीक पहले विपक्षी दलों के नेताओं ने बैठक की। विपक्षी दल सोमवार को फिर बैठक करेंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो