सीहोर

नो-एंट्री में घूम रहे चारपहिया वाहन

त्योहार के समय बाजार में खरीदारी करने आए ग्राहकों को हो रही दिक्कत

सीहोरMar 16, 2019 / 01:50 pm

Kuldeep Saraswat

नो-एंट्री में घूम रहे चारपहिया वाहन

सीहोर. सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार को नो-एंट्री जोन बनाया है, लेकिन त्योहार के समय नो-एंट्री जोन में चारपहिया वाहन घूमते देखे जा रहे हैं। चारपहिया वाहन के नो-एंट्री में घूमने के कारण बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहक और दुकानदार दोनों परेशान हो रहे हैं।

मुख्य बाजार में चारपहिया वाहनों के प्रवेश करने को लेकर ट्रैफिक जाम लगता है। सबसे ज्यादा दिक्कत लीसा टॉकीज चौराहे, नमक चौराहा और पान चौराहे पर होती है। यहां दिनभर में करीब 12 से 15 बार ट्रैफिक जाम होता है। ट्रैफिक जाम के कारण हर घंटे लोग परेशान होते हैं।


45 हजार से ज्यादा वाहन
सीहोर शहर में करीब 45 हजार वाहन हैं। शहर में वाहनों की संख्या के साथ दुकानों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। शहर में बाजार सिकुड़ते जा रहे हैं और वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है। बाजार में पार्किंग के लिए कोई जगह नहीं है, इस स्थिति में बाजार खरीदारी करने पहुंचे ग्राहक और दुकानदारों के दोपहिया वाहन भी सड़क पर खड़े होते हैं, जिसकी वजह से ट्रैफिक जाम होता है।

सड़क पर दुकानदार भी रखते हैं सामान
मुख्य बाजार में सड़क पर दुकानदार सामान भी रखते हैं। दुकानदारों के सड़क पर सामान रखने के कारण 20 से 25 फीट की सड़क सिकुड़कर 15 फीट रह जाती है। सड़क पर ट्रैफिक दबाव ज्यादा रहता है और सड़क की चौड़ाई कम रह जाती है, जिसकी वजह से बार-बार ट्रैफिक जाम होता है।


समस्या का कैसे हो समाधान
– नगर पालिका सड़क पर सामान रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करे।
– मुख्य बाजार में सड़क पर खड़े होने वाले फल और सब्जी ठेला का रोका जाए।
– सड़क पर खड़े होने वाले दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग निर्धारित की जाए।
– त्योहार के समय मुख्य बाजार में बैरीकेट्स लगाकर चारपहिया वाहनों को सख्ती के साथ प्रवेश करने से रोका जाए।
– सड़क पर बैठकर कारोबार करने वाले दुकानदारों को होकर जोन बनाकर शिफ्ट किया जाए।


वर्जन….
– नगर पालिका समय-समय पर अभियान चलाकर कार्रवाई करती है। त्योहार के समय बाजार में व्यवस्थाएं की जाएंगी।
अमरसत्य गुप्ता, सीएमओ नगर पालिका सीहोर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.