scriptराम मंदिर भाजपा का राजनीतिक मुद्दा नहीं : केशव मौर्य | Ram temple is not BJP's political issue : Keshav Maurya | Patrika News

राम मंदिर भाजपा का राजनीतिक मुद्दा नहीं : केशव मौर्य

Published: Apr 12, 2016 11:57:00 pm

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा उप्र का विधानसभा चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ेगी

Keshav Maurya

Keshav Maurya

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को कहा कि राम मंदिर निर्माण का मुद्दा भाजपा के लिए राजनीतिक मुद्दा कभी नहीं रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राम मंदिर निर्माण का मुद्दा भाजपा की आस्था का विषय है। साथ ही कहा कि भाजपा उप्र का विधानसभा चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ेगी।

मौर्य ने यह भी कहा, हमने किसी को रोका नहीं है। यदि अन्य राजनीतिक दल राम मंदिर निर्माण के मुद्दे को अपने राजनीतिक एजेंडे में शामिल करना चाहते हैं तो बेशक कर सकते हैं, हमें खुशी होगी। एक बार फिर उप्र को सपा-बसपा से मुक्त कराने की बात करते हुए मौर्य ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में 265 से अधिक सीटें जीतना पार्टी का लक्ष्य है।

प्रेसवार्ता में मौर्य ने कहा कि अखिलेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण केंद्र की मोदी सरकार द्वारा आम जनमानस के हितों को लेकर चलाई जा रही योजनाओं का लाभ राज्य की जनता को नहीं मिल पा रहा है। अखिलेश सरकार के खिलाफ पूरे प्रदेश में जनता के मन में असंतोष व नाराजगी का वातावरण है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार सभी मोर्चों पर विफल है। राज्य की जनता असुरक्षित है, महिलाओं के साथ अत्याचार व दुराचार की घटनाएं बेतहाशा बढ़ी हैं। राज्य में अराजकता का माहौल है, कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा-बसपा व कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि उप्र को परिवारवादी, जातिवादी और व्यक्तिवादी राजनीति ने नुकसान पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि उप्र की स्थिति तो यह है कि यहां अखिलेश सरकार में हो रहे भ्रष्टाचार को रोकने के लिए न्यायालय तक को हस्तक्षेप करना पड़ रहा है। राज्य में किसानों की बदहाली पर सरकार गंभीर नहीं दिख रही। मौर्य ने कहा कि अभी वह प्रदेशभर का दौरा कर रहे हैं, इसके बाद अपनी टीम बनाएंगे। उनके दौरे से दूरदराज में रहने वाले कार्यकर्ताओं की भी उन्हें जानकारी हासिल हो सकेगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो