राजनीति

‘शत्रु’ को मिला राजद से टिकट का ऑफर, तो सिन्हा ने कहा अभी…

राजद ने शत्रुघ्न सिन्हा को अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने का ऑफर किया है।

नई दिल्लीJun 14, 2018 / 12:15 pm

Kaushlendra Pathak

‘शत्रु’ को मिला राजद से टिकट का ऑफर, तो सिन्हा ने कहा अभी…

नई दिल्ली। इन दिनों देश की राजनीति में काफी उथल-पुथल मची है। सभी राजनीतिक पार्टियां लोकसभा चुनाव से पहले अपनी स्थित मजबूत करने में जुटी है। बुधवार को कई पार्टियों ने इफ्तार पार्टी का भी आयोजन किया। जिसमें नेताओं को एकजुट करने की कोशिश की गई। कांग्रेस ने दिल्ली में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया, जिसमें कई दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया। हालांकि, कुछ शामिल हुए तो कुछ नहीं। वहीं, बिहार में राजद ने भी इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। इनकी पार्टी में भाजपा के नेता शत्रुघ्न सिन्हा भी शामिल हुए। इस पार्टी की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि सांसद मीसा भारती ने सरेआम ‘शत्रु’ को राजद के टिकट पर संसदीय चुनाव लड़ने का ऑफर दिया।
राजद से सिन्हा को चुनाव लड़ने का ऑफर

जानकारी के मुताबिक, लालू परिवार ने शत्रुघ्न की खूब खातिरदारी की। राष्ट्रीय महासचिव एवं लालू के करीबी विधायक भोला यादव उन्हें ससम्मान वीवीआइपी पंडाल में ले गए। मीसा भारती और तेज प्रताप ने शत्रुघ्न सिन्हा खासा ख्याल रखा। मीसा ने कहा कि शत्रुघ्न भाजपा के शत्रु हो सकते हैं, हमारे नहीं। लालू परिवार से उनका गहरा लगाव है। शत्रुघ्न अगर राजी होंगे तो राजद पटना साहिब संसदीय सीट से उन्हें अपना प्रत्याशी बना सकता है। अगर वह भाजपा से भी प्रत्याशी बनाए जाते हैं तो भी राजद की शुभकामनाएं उनके साथ होंगी। जदयू की इफ्तार में नहीं जाने की वजह पूछने पर शत्रुघ्न ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि न्योता दिया भी गया था या नहीं।
भाजपा पर शत्रु ने साधा निशाना

वहीं, जब ‘शत्रु’ से राजद के साथ चुनाव लड़ने पर सवाल किया गया तो वह कन्नी काटते नजर आए। उन्होंने कहा कि अभी इस मुद्दे पर बात करने का वक्त नहीं है। हालांकि, उनकी चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्योंकि, इस दौरान उन्होंने एक बार फिर जमकर भाजपा को कोसा। सिन्हा ने कहा कि चार सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ नहीं किया। अब देखना यह है कि क्या सिन्हा राजद का थामन थाम सकते हैं या फिर अभी भाजपा के साथ ही रहेंगे।

Home / Political / ‘शत्रु’ को मिला राजद से टिकट का ऑफर, तो सिन्हा ने कहा अभी…

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.