राजनीति

2019 में मोदी सरकार की होगी विदाई, बिना किसी चेहरे के उतरेगा महागठबंधन: शरद यादव

शरद यादव ने कहा कि महागठबंधन बनेगा, लेकिन बिना प्रधानमंत्री चेहरे के चुनाव लड़ा जाएगा।

नई दिल्लीSep 28, 2018 / 07:54 pm

Kapil Tiwari

Sharad Yadav

नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्ष की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। सत्ताधारी भाजपा के लिए चिंता की बात बस एक ही है कि 2019 के चुनाव में अगर सभी विपक्षी दल एकसाथ (महागठबंधन) आ गए तो कहीं ना कहीं इसकी वजह से भाजपा को भी नुकसान हो सकता है। महागठबंधन को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव ने कहा है कि 2019 में मोदी सरकार की विदाई तय है और महागठबंधन होकर ही रहेगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन बनेगा, लेकिन बिना प्रधानमंत्री चेहरे के चुनाव लड़ा जाएगा।

बिना प्रधानमंत्री चेहरे के चुनावी मैदान में उतरेगा महगठबंधन

शरद यादव ने कहा कि चुनावी मैदान में महागठबंधन का कोई चेहरा नहीं होगा। शुक्रवार को मीडिया से रूबरू होते हुए शरद यादव ने कहा, ‘केंद्र की वर्तमान सरकार की विदाई तय है, क्योंकि देश के हालात काफी विकट हैं। साल 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में वर्तमान सरकार के खिलाफ महागठबंधन मैदान में उतरेगा, लेकिन उसका कोई चेहरा नहीं होगा।’

2019 में मोदी सरकार की होकर रहेगी विदाई

शरद यादव ने पिछले महीने भी इस बात पर जोर दिया था कि अगर महागठबंधन होता है तो एलजेडी इसका समर्थन करेगी। शरद यादव ने कहा कि 2019 का चुनाव रफाल डील, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। शरद यादव ने इस दौरान बीजेपी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। शरद यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने चुनाव से पहले हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने उसे पूरा नहीं किया।

आरक्षण के मुद्दे पर चुप्पी साध गए शरद यादव

शरद यादव ने आरक्षण के मुद्दे पर पूछे गए सवालों पर चुप्पी साधे रखी। यादव ने कहा कि सरकार को सड़क, पानी, बिजली, रोजगार पर ध्यान देना चाहिए, जो नहीं दिया जा रहा है। राज्यों में महागठबंधन को लेकर सवाल पूछे जाने पर यादव ने कहा राज्यों की स्थिति अलग होती है। आमचुनाव में प्रधानमंत्री पद के चेहरे संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव बिना किसी चेहरे के लड़ा जाएगा. चुनाव के बाद सब मिलकर चेहरा तय कर लेंगे।

Home / Political / 2019 में मोदी सरकार की होगी विदाई, बिना किसी चेहरे के उतरेगा महागठबंधन: शरद यादव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.