राजनीति

इस वजह से कल जापान जा रही हैं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज बुधवार को जापान के दौरे पर रवाना हो रही हैं, 29 मार्च को जापानी विदेश मंत्री से करेंगी मुलाकात

Mar 27, 2018 / 05:25 pm

mangal yadav

नई दिल्लीः विदेश मंत्री सुषमा स्वराज बुधवार को दिवसीय दौरे पर जापान रवाना हो रही हैं। इस दौरान वह जापानी विदेश मंत्री तारो कानो के साथ 9वीं भारत-जापान रणनीतिक वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगी। मंगलवार को विदेश मंत्रालय की तरफ से यह जानकारी दी गई। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 29 मार्च को रणनीतिक वार्ता के दौरान भारत और जापान द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और समान हित वाले क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार -विमर्श करेंगे। इस दौरान सुषमा स्वराज जापान के प्रधानमंत्री से भी मुलाकात कर सकती हैं लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

 

जापान से भारत के अच्छे रिश्ते

भारत और जापान की दोस्ती काफी पुरानी है। वर्तमान में जापान भारत में सबसे बड़े निवेशकों में से एक है। देश की कई परियोजनाओं, विनिर्माण, वित्तीय बाजारों और क्षमता निर्माण के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में जापान की भागीदारी बढ़ी है। पिछले साल सितंबर में जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे की भारत यात्रा ने दोनों देशों के संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान की थी। यात्रा के दौरान अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन परियोजना की आधारशिला रखी गई थी, जिसका निर्माण जापान की सहायता से किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने की थी जापान का यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान को कितना अहमियत देते हैं इसका अंदाजा साल 2014 में मोदी की जापान यात्रा से लगाया जा सकता है। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जापान गए थे, जिसके बाद भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय संबंधों में मजबूती आई है। जापान यात्रा के बाद भारत और जापान के संबंध प्रगति की ओर अग्रसर हैं।
चीन को रोकने के जापान का साथ अहम

अंतरराष्ट्रीय समेत कई मुद्दों पर चीन को रोकने के लिए जापान का साथ भारत के लिए काफी अहम है। दरअसल जापान भी भारत की तरह चीन का पड़ोसी देश है और भारत की तरह जापान से भी चीन की दुश्मनी जगजाहिर है। इस लिहाज से भारत और जापान का साथ आना बेहद महत्वपूर्ण है।
 

Home / Political / इस वजह से कल जापान जा रही हैं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.