आंध्र और तेलंगाना में राज्यव्यापी प्रदर्शन करेंगे टीडीपी कार्यकर्ता
न्यायिक मजिस्ट्रेट एन आर गजभी ने पुलिस को ये आदेश दिया है कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर 21 सितंबर तक कोर्ट के समक्ष पेश किया जाए। वहीं टीडीपी नेताओं का कहना है कि ये गिरफ्तारी वॉरेंट भाजपा का राजनीतिक बदला है। तेलंगाना टीडीपी के अध्यक्ष एल रामान का कहना है कि बीजेपी ने हमें डराने के लिए ये षड़यंत्र रचा है। शुक्रवार को कोर्ट का जब ये आदेश आया तो हैदराबाद में टीडीपी कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा से गठबंधन खत्म करने का ही नतीजा है, जो मुख्यमंत्री के खिलाफ ये वॉरेंट जारी किया गया है। कार्यकर्ताओं ने इसे अमित शाह और पीएम मोदी की साजिश बताया है।
क्या है मामला
2010 में जब टीडीपी चीफ ने आंदोलन किया था तो महाराष्ट्र पुलिस ने नादेड़ जिले में निषेधाज्ञा उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार भी किया था। नायडू के साथ उस समय टीडीपी के पांच सांसद और सात विधायक भी गिरफ्तार किए गए थे। टीडीपी का आरोप था कि महाराष्ट्र उस परियोजना का अवैध तरीके से निर्माण कर रहा था। नायडू और अन्य टीडीपी नेताओं की गिरफ्तारी की खबर फैलने से सीमा पर तनाव व्याप्त हो गया था। गुस्साए टीडीपी कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र की तरफ मार्च निकालने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया था।