विपक्ष का लगेगा जमावड़ा
आज होने वाले इस प्रदर्शन में विपक्ष के नेता शामिल होने जा रहे हैं। इस प्रदर्शन की अगुवाई लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक शाम 5:30 बजे विरोध प्रदर्शन होगा। नीतीश कुमार के खिलाफ होने जा रहे इस हल्ला बोल में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी पहुंचेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पहुंचने की उम्मीद है। अरविंदर केजरीवाल ने तो दिल्ली की जनता से धरने में पहुंचने के लिए ट्वीट कर अपील भी की है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी तेजस्वी का साथ दे सकती हैँ। TMC के कई वरिष्ठ नेता भी पहुंचेंगे। खबर है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इस धरना प्रदर्शन का हिस्सा बन सकते हैं। इसके अलावा तेजस्वी को वामदलों का भी समर्थन मिला है। इससे पहले तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर जंतर-मंतर पर धरना करने का एलान किया था। वहीं भाजपा नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने तेजस्वी के इस कदम को बिहार को शर्मसार करने वाला बताया है।
विपक्ष के नेता एकजुट होने का कोई बहाना नहीं छोड़ रहे हैं। जब भी मौक मिल रहा है वे भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पर हमला बोल रहे हैं। एक बार फिर से विपक्ष की एकता इस धरना प्रदर्शन में नजर आएगी। कहा जा रहा है कि बिहार को बहाना बनाते हुए विपक्ष की नजर मिशन 2019 पर है। आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हराने के लिए कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों ने कमर कस ली है। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि महागठबंधन ने प्रधानमंत्री के चेहरे के बिना लोकसभा चुनाव में उतरने की रणनीति बनाई है। नतीजे आने के बाद ही पीएम चुना जाएगा।