राजनीति

2019 चुनाव से पहले योगेंद्र यादव का बड़ा ऐलान, स्वराज इंडिया नहीं होगी महागठबंधन का हिस्सा

योगेंद्र यादव ने रविवार को दिल्ली में ‘राष्ट्र निर्माण के लिए लोक अभियान-2019 (आईकैन19)’ कैंपेन की शुरुआत की।

Dec 09, 2018 / 06:59 pm

Kapil Tiwari

Yogendra Yadav

नई दिल्ली। कभी आम आदमी पार्टी का हिस्सा रहे योगेंद्र यादव इन दिनों 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लगे हुए हैं। स्वराज इंडिया के संस्थापक योगेंद्र यादव ने 2019 लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। दरअसल, चुनाव से पहले सियासी गलियारों में ‘महागठबंधन’ की आहट बहुत समय से है, लेकिन योगेंद्र यादव ने ये साफ कर दिया है कि वो किसी भी महागठबंधन का हिस्सा नहीं रहेंगे।

योगेंद्र यादव ने शुरू किया आईकैन19 अभियान

रविवार को दिल्ली में ‘राष्ट्र निर्माण के लिए लोक अभियान’ कैंपेन की शुरुआत के मौके पर योगेंद्र यादव ने ये बातें कहीं। स्वराज इंडिया के ‘राष्ट्र निर्माण के लिए लोक अभियान-2019 (आईकैन19)’ कैंपेन की शुरुआत योगेंद्र यादव ने एक पेस कॉन्फ्रेंस से की। इस पीसी में उन्होंने कहा, ”हम 2019 से पहले किसी भी महागठबंधन का हिस्सा नहीं होंगे, हमारा लक्ष्य सत्ता के लिए राजनीति करना नहीं है, बल्कि सत्ता के नशे में अपने वादे भूल चुके लोगों को सबक सिखाने का है।”

क्या होगा आईकैन19 कैंपेन का प्रमुख एजेंडा?

योगेंद्र यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि आगामी आम चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक भागीदारी के लिए ‘आईकैन19’ अभियान की शुरूआत की जा रही है और इसका प्रमुख एजेंडा “ हिन्दू न मुसलमान, बस किसान-नौजवान” है। उन्होंने कहा कि किसान और नौजवान आज देश के भविष्य के दिशासूचक हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश इनकी आवाज को दबाने तथा राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए देश को एक बार फिर सांप्रदायिकता की आग में झोंकने की तैयारी की जा रही है।

किसानों और नौजवानों के मुद्दों को ध्यान में रख लड़ा जाए चुनाव

योगेंद्र यादव ने कहा कि अगला चुनाव अगर किसानों और नौजवानों के मुद्दों पर केंद्रित होकर लड़ा जाए तो जो भी सत्ता में आए, यह देश आगे ही बढ़ेगा न कि पीछे हटेगा। योगेंद्र यादव ने कहा कि मौजूदा समय में किसान का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर है, ऐसा बहुत साल बाद हुआ है और ये लोकसभा चुनाव के लिए हर पार्टी के लिए ‘की फैक्टर’ होगा।

Home / Political / 2019 चुनाव से पहले योगेंद्र यादव का बड़ा ऐलान, स्वराज इंडिया नहीं होगी महागठबंधन का हिस्सा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.