प्रतापगढ़

VIDEO: पत्नी और बच्चों के साथ सो रहे युवक पर फायरिंग कर हत्या, मासूम पुत्री को भी लगे छर्रे

-प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र के बसाड़ गांव का मामला

प्रतापगढ़Jun 12, 2019 / 07:15 pm

Rakesh Verma

VIDEO: पत्नी और बच्चों के साथ सो रहे युवक पर फायरिंग कर हत्या, मासूम पुत्री को भी लगे छर्रे

-परिजनों ने लगाया रंजिश के चलते हत्या का आरोप
-परिजनों व ग्रामीणों ने 5 घंटे मंदसौर-प्रतापगढ़ मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन
-कहा-प्रदेश में बढ़ रहा अपराधों का ग्राफ, मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दे या कानून व्यवस्था सुधारें
प्रतापगढ़. प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र के बसाड़ गांव में बुधवार तडक़े करीब पौने तीन बजे मुख्य चौराहे पर गुमटी में सो रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि उसकी मासूम बालिका के पेट में गोली के एक छर्रे से घाव हो गया। हत्या के पीछे गुमटी विवाद सामने आ रहा है। परिजनों की ओर से नामजद दी गई रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि युवक रवींद्र तेली (38) पुत्र फकीरचंद्र अपनी पत्नी तुलसी और बेटे रितीक और बेटी डाली के साथ चौराहे स्थित अपनी गुमटी पर ही सो रहा था। तडक़े करीब पौने तीन बजे गांव का ही सुलेमान पुत्र शौकत वहां आया। उसने रवीन्द्र पर बारह बोर बंदूक से फायरिंग की। जिससे रवीन्द्र को गोली लगी। वहीं पास में सोई उसकी सात वर्षीय बालिका डोली के पेट में एक छर्रा लगा। युवक को गोली इतने नजदीक से मारी गई की वह शरीर के आर-पार हो गई। गोली चलने की आवाज और पत्नी की चीख पुकार से ग्रामीण एकत्र हो गए। दोनों को तत्काल प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने रविन्द्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं डॉली का प्राथमिक उपचार किया गया। फायरिंग की सूचना के बाद जिला अस्पताल में मृतक के परिवार व पुलिस प्रशासन का जमावड़ा लग गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय गुप्ता ने मृतक की पत्नी तुलसी से घटना की जानकारी ली। मामले को लेकर सुबह परिजनों व ग्रामीणों ने प्रतापगढ़ मंदसौर मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने समझाइश कर जाम खुलवाया। दोपहर को शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव बसाड़ लाया गया। यहां ग्रामीण फिर गुस्सा गए और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार व अवैध हथियार की धरपकड़ को लेकर एम्बुलेंस को सडक़ पर लगाकर जाम लगा दिया। इस बीच चित्तौडगढ़़ सांसद सी पी जोशी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली और समझाइश कर जाम खुलवाया। वहीं पुलिस को फटकार लगाते हुए आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार करवाया गया। सांसद जोशी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गत पांच माह में प्रदेश में अपराधों का ग्राफ बढ़ गया है। ऐसे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत या तो जल्द से जल्द कानून व्यवस्थाा सुधार लें या अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
…………………………..
आरोपी की तलाश में दबिश
मामले को लेकर आरोपी की तलाश में 6 टीमें बनाई गई है। जो हर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जैसे ही कोई सुराग हाथ लगेगा। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अनिल बेनीवाल
पुलिस अधीक्षक, प्रतापगढ़

Home / Pratapgarh / VIDEO: पत्नी और बच्चों के साथ सो रहे युवक पर फायरिंग कर हत्या, मासूम पुत्री को भी लगे छर्रे

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.