प्रयागराज

आजाद भारत के पहले छात्रसंघ अध्यक्ष एनडी तिवारी जिनका रिकॉर्ड आज तक नहीं टूटा

पूरब के आक्सफोर्ड से छात्र राजनीति में उतरे थे तिवारी, पंडित जवाहर लाल नेहरू ने बतौर प्रधानमंत्री किया था उद्घाटन

प्रयागराजOct 19, 2018 / 01:27 am

प्रसून पांडे

Allahabad ND TIWARI

इलाहाबाद। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी देश की राजनीति की वह चेहरा थे जिसने आधी सदी से ज्यादा तक आजाद भारत में अपनी राजनीतिक क्षमता का लोहा मनवाया। अपनी शर्तों पर सियासत करने वाले तिवारी का इलाहाबाद से खासा लगाव रहा। इसी जमीन से उन्होंने राजनीति का ककहरा सीखा और देश के राजनीतिक क्षितिज पर चमके। तिवारी देश के एकमात्र नेता थे जिनके नाम दो राज्यों के मुख्यमंत्री होने का रिकॉर्ड है। तिवारी आजादी के बाद पूरब के आॅक्सफोर्ड के नाम से मशहूर इलाहाबाद विश्वविदयालय छात्रसंघ के पहले अध्यक्ष रहे। तब छात्र राजनीति और इविवि का रुतबा ऐसा था कि छात्रसंघ का उद्घाटन करने के लिए खुद प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू आए थे। यही नहीं, इविवि के छात्र रहते तिवारी ने भौतिकी विभाग में अंक पाने का जो रिकॉर्ड बनाया वह आज तक नहीं टूटा है। तिवारी 3 बार उत्तर प्रदेश और एक बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा वे विदेश मंत्री भी रहे। इसके अलावा कई अहम पदों को संभाला। आखिरी समय में उनका विवादित कार्यकाल आंध्रप्रदेश के राज्यपाल के तौर पर रहा। जब एक सेक्स सीडी के बाद उन्हें हटना पड़ा था।
नारायण दत्त तिवारी 12 जुलाई 1944 को इलाहाबाद आए और सोशलिस्ट पार्टी में सम्मिलित हुए। इसके बाद उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव, राजाराम शास्त्री, अच्युत पटवर्धन और पीटर अल्वा के साथ काम किया। छात्र जीवन में दिग्गजों के साथ काम करने के बावजूद तिवारी पर सबसे ज्यादा प्रभाव आचार्य नरेंद्र देव का रहा। ब्रिटिश शासन काल में जब छात्रसंघ बंद कर दिया गया तो उसकी बहाली की लड़ाई 1942 से शुरू हुई। तब देशभर में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हो चुकी थी। 1946 में तिवारी सहित अन्य दिग्गज नेताओं के प्रयास के बाद विश्वविद्यालय का छात्र संघ बहाल हुआ। पंडित नेहरू ने छात्रसंघ भवन के उद्घाटन पर तिवारी की पीठ थपथपाते हुए कहा था कि देश उनके साहस को हमेशा याद रखेगा।
एक बुलावे पर जुट जाते थे हजारों लोग

1947 में आजाद भारत के पहले अध्यक्ष के तौर पर तिवारी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र संघ भवन में कार्यकाल पूरा किया और राजनीतिक जीवन का सफर शुरू हुआ। तिवारी के अध्यक्ष बनने के बाद नेहरू बतौर देश के पहले प्रधानमंत्री इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सीनेट हाल में आए और विश्वविद्यालय को संबोधित किया। तिवारी क्रांतिकारी नेता के रूप में जाने जाते थे, जिन्होंने कई बड़े आंदोलनों की आगुवाई की। इववि के पूर्व अध्यक्ष अभय अवस्थी बताते हैं कि तब तिवारी के एक आहवान पर हजारों छात्र एकजुट हो जाते थे। तिवारी का इलाहाबाद विवि के छात्रों, छात्रसंघ पदाधिकारियों और शिक्षकों से बेहद लगाव रहा। तिवारी इलाहाबाद के कटरा स्थित दिलकुशा पार्क की पीली कोठी के मकान में रहाते थे। आज भी शहर में उनकी यादें बतौर क्रांतिकारी छात्र नेता मौजूद हैं। उन्हें इलाहाबाद विश्वविद्यालय याद करता है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.