पुणे

पत्नी ने लगाई फांसी,हताश पति ट्रेन के आगे कूदा,हालत गंभीर

आत्महत्या का कारण पता नहीं चल पाया है…

पुणेNov 26, 2018 / 07:45 pm

Prateek

(नागपुर,पुणे): बेलतरोड़ी परिसर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक विवाहिता ने अपने घर में फांसी लगा ली। पति उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गया। डाक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया। हताश होकर तनाव में आए पति ने भी आत्महत्या का प्रयास किया और ट्रेन के सामने कूद गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।


मृतक रेवतीनगर, बेलतरोड़ी निवासी मोहिनी रोशन वेरुलकर (२६) बताई गई। जख्मी रोशन का धंतोली के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मोहिनी गृहिणी थी। 5 वर्ष पहले निजी कंपनी में मैनेजर रोशन के साथ उनका विवाह हुआ था। उन्हें 2 वर्ष का बेटा भी है। रोशन अपने माता-पिता के साथ रहते हैं। सुबह 8.45 बजे के दौरान मोहिनी ने घर में साफ-सफाई की। पोछे का कपड़ा लेने के लिए पहले माले पर गई। उस समय रोशन स्नान करने गए थे। मोहिनी ने पहले माले के कमरे में सीलिंग फैन से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। कुर्सी गिरने की आवाज सुनकर ससुर ऊपर गए। उन्होंने मोहिनी को फंदे पर लटके देखा। बेटे को आवाज लगाई। रोशन और उनके पिता ने मोहिनी को नीचे उतारा। तुरंत उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल ले गए।

 

करीब 1 घंटे बाद डाक्टरों ने मोहिनी को मृत घोषित कर दिया। रोशन को गहरा सदमा पहुंचा। वह तनाव में आकर अस्पताल से निकल गया। मनीषनगर रेलवे ट्रैक पर वह ट्रेन के सामने कूद गया। टक्कर लगने के कारण बुरी तरह जख्मी हो गया। एक महिला ने रोशन को जख्मी अवस्था में देखा और पुलिस को जानकारी दी। बेलतरोड़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। तुरंत रोशन को ट्रैक से हटाया गया। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन उसी पटरी से गुजरी। समय रहते जानकारी नहीं मिलती तो वहीं रोशन की भी मौत हो सकती थी। सिर पर चोट लगने के कारण रोशन को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल पाया है। घरेलू कलह एक वजह हो सकती है। मोहिनी का मायका वर्धा देवली का है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है।

Home / Pune / पत्नी ने लगाई फांसी,हताश पति ट्रेन के आगे कूदा,हालत गंभीर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.