रायगढ़

पानी की जगह बोर पंप से निकल रहा हवा…लोगों को नहीं मिल रहा पानी

समस्या लेकर निगम दफ्तर पहुंची कैदी मुड़ा की महिलाएं

रायगढ़May 24, 2018 / 06:49 pm

Shiv Singh

समस्या लेकर निगम दफ्तर पहुंची कैदी मुड़ा की महिलाएं

रायगढ़. गर्मी बढऩे के साथ शहर के कई क्षेत्रों का वाटर लेबल नीचे जा रहा है। इसकी वजह से बोर पंपों भी सूख रहे हैं। कुछ इसी तरह की समस्या शहर के कैदी मुड़ा मोहल्ले की भी है। ऐसे में लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। इस समस्या को लेकर क्षेत्र की महिलाएं नगर निगम दफ्तर पहुंची थी। वहीं निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए समस्या दूर किए जाने की मांग की।

दिनों दिन गर्मी बढ़ती जा रही है। इसकी वजह से वाटर लेबल भी डाउन हो रहा है। वाटर लेबल डाउन होने से जल स्त्रोत भी नीचे जा रहे हैं और बोर पंप भी सूख रहे हैं। इससे जिस बोर पंप में पानी आना चाहिए, उससे हवा ही निकल रही है। इस तरह की स्थिति कैदीमुड़ा मोहल्ले में देखने को मिल रहा है। इस समस्या को लेकर क्षेत्र की महिलाएं नगर निगम दफ्तर पहुंची थी।
यहां महिलाओं ने बताया कि वार्ड में पानी आपूर्ति बोर पंप के माध्यम से की जाती है। पिछले कुछ माह तक तो बोर पंप से पर्याप्त पानी लोगों को मिल जाता था, लेकिन गर्मी की शुरुआत से पानी की मात्रा कम होने लगी। वहीं जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है बोर से पानी निकलना बंद हो गया।
मौजूदा समय क्षेत्र में पानी की विकट स्थिति है। बताया जा रहा है कि जब बोर पंप को पानी आपूर्ति के लिए शुरू किया जाता है तो पानी निकलने के काफी समय तक नलों में हवा ही आता है। वहीं बड़ी मुश्किल से कुछ देर के लिए पानी आता है। यह पानी लोगों के लिए पर्याप्त नहीं है।
हालांकि लोग यह मान रहे थे कि तकनीकी खराबी की वजह से इस तरह की समस्या आई होगी, लेकिन यह समस्या दूर होने का नाम नहीं ले रही है। अभी भी क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। निगम पहुंची महिलाओं ने नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा और इस समस्या को दूर किए जाने की मांग भी की।


हर साल होती है परेशानी
नगर निगम दफ्तर पहुंची महिलाओं ने बताया कि इस तरह की समस्या हर साल होती है। गर्मी बढऩे के साथ लोगों में पानी की किल्लत भी शुरू हो जाती है। हर साल इस बात की शिकायत की जाती है, लेकिन निगम अधिकारियों के द्वारा इस समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला गया। इसकी वजह से लोगों को इस साल भी पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।


जल आवर्धन से नहीं जुड़ा क्षेत्र
नगर निगम के द्वारा जल आवर्धन योजना से कई क्षेत्रों को जोड़ा गया है, लेकिन यह क्षेत्र अभी भी जल आवर्धन योजना से नहीं जुड़ सका है। इसकी वजह से लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा रहा है। हालांकि निगम के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह क्षेत्र भी जल आवर्धन योजना से जुड़ जाएगा। इसके बाद यह समस्या नहीं होगी।

Home / Raigarh / पानी की जगह बोर पंप से निकल रहा हवा…लोगों को नहीं मिल रहा पानी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.