गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे सुखमती का पति रोजी मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गया था। इस समय सुखमती व उसका बेटा लोकेश ही घर में थे। अचानक सुखमती अपने बच्चे के लिए किसी बात पर नाराज हुई और उसका गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। महिला ने आव देखा ना ताव और पास ही रखे रांपा को उठाया और बच्चे की गर्दन में वार कर दिया। इससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहीं खून से लथपथ तड़प रहे बच्चे को उपचार के लिए तत्काल बरमकेला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्रारंभिक उपचार के बाद भी उसकी दशा में सुधार नहीं हुआ। ऐसे में उसे रायगढ़ रिफर किया गया। रायगढ़ में भी उसकी हालत नहीं सुधरी। ऐसे में रायपुर रिफर किया गया, लेकिन वे रायपुर पहुंच पाते इससे पहले ही बच्चे की मौत हो गई।
आरोपी मां रिमांड पर भेजी गई जेल
घटना की रिपोर्ट आरोपी महिला के पति महावीर टंडन ने पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहीं मौके से पुलिस ने इस घटना में उपयोग किए गए रांपा को जब्त कर लिया। वहीं आरोपी मां के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला को रिमांड पर जेल भेज दिया है।