शिकारी खुद बना बिजली करंट का शिकार
रायगढ़Published: Dec 11, 2022 08:39:54 pm
वन्य प्राणियों का शिकार करने बिछाए करंट की चपेट में आया शिकारी
दो सहयोगी शिकारियों ने साक्ष्य पिछले लाश में पत्थर बांध कर डैम में फेंका
साक्ष्य छिपाने वाला एक सहयोगी गिरफ्तार, दूसरा फरार


शिकारी खुद बना बिजली करंट का शिकार
रायगढ़. पिछले चार दिनों से लापता ग्रामीण की लाश एक डैम में मिली है। प्रारंभिक रूप में मामला यह सामने आया है कि मृतक वन्य प्राणियों का शिकार करने जंगल में करंट बिछाया था। उस करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। इस घटना से उसके साथी भयभीत हुए और उसकी लाश को ठिकाने लगाने लकड़ी व पत्थर से बांध कर डैम में फेंक दिया। वहीं घटना के बाद से मृतक के दोनों सहयोगी शिकारी फरार थे। पुलिस ने एक फरार शिकारी को पकड़ा तो मामला खुला और लाश मिली। अभी भी दूसरा शिकारी फरार है। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है।
इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ के पोटिया गांव निवासी सुपल सिंह बीते ७ दिसंबर को घर से निकला था, जो नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब ग्रामीण युवक की जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने इसकी सूचना धरमजयगढ़ पुलिस को दी। मामले की सूचना पर पुलिस ने गुम इंसान दर्ज करते हुए विवेचना शुरू की। इस बीच पुलिस को जानकारी लगी कि सुपल सिंह गांव के ही दो युवक पंचराम व सुनील तिर्की के साथ वन्य प्राणियों का शिकार करने जंगल जाता था। ७ दिसंबर की रात भी तीनों एक साथ निकले थे। वहीं उसके बाद से दोनों युवक भी नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में पुलिस की टीम मामले की पतासाजी तेज की। इस बीच पुलिस ने पंचराम को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर उसने बताया कि तीनों शिकार के लिए घुमनारा जंगल में करंट बिछाए थे। इस बीच सुपल सिंह करंट की चपेट में आ गया। इससे दोनों भयभीत हो गए। वहीं दोनों ने मृतक के शव को लकड़ी के माध्यम से अलग किया। वहीं साक्ष्य छिपाने की मंशा से जंगल के कुछ दूर पड़कीनारा डैम तक ले गए। वहां दोनों ने सुपल के शव में बड़ा सा पत्थर बांधा और और डैम में फेंक दिया। घटना के बाद से दोनों फरार हो गए।
डैम से शव किया बरामद
मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस टीम सहयोगी शिकारी की निशानदेही पर डैम तक पहुंचे और शव को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा करते हुए लाश को पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है। साक्ष्य छिपाने वाला दूसरा व्यक्ति अभी भी फरार है। प्रारंभिक रूप से मामला दर्ज कर लिया है। वहीं इसकी जांच की जा रही है।
नहीं थम रहा वन्य प्राणियों का शिकार
उल्लेखनीय है कि वन्य प्राणियों का शिकार रोकने के लिए लगातार वन विभाग लगातार कार्य करने का दावा कर रहा है, लेकिन वन्य प्राणियों का शिकार नहीं थम रहा। इस घटना से यह खुलासा हुआ कि पोटिया के जंगल में वन्य प्राणियों का शिकार करने के लिए करंट बिछाया जाता है।
वर्सन
प्रारंभिक रूप से वन्य प्राणियों का शिकार करने बिछाए गए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत होने का मामला सामने आया है। पीएम के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवक की मौत किस कारण से हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
दीपक मिश्रा, एसडीओपी, धरमजयगढ़