आज नवरात्र के अंतिम दिन देवी मंदिरों में होगा कन्या भोज का आयोजन
माता महागौरी की हुई अराधना
शहर के नटवर स्कूल मैदान से आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा
रायगढ़
Published: April 09, 2022 08:16:55 pm
रायगढ़. चैत्र नवरात्र के अंतिम देवी मंदिरों सहित घर-घर में कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी जगह तैयारियां पूरी हो चुकी है। वहीं शनिवार को सुबह से ही अंचल के देवी मंदिरों में माता महागौरी का पूजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ लगी रही। इसके साथ ही शनिवार को शाम को माता महागौरी का महाआरती की गई। रामनवमी को शहर के नटवर स्कूल से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारी एक माह पहले से की जा रही थी।
पूज्य मां गुरु अघोर शक्ति पीठ भगवानपुर आश्रम के पुजारी पंडित राजकुमार चौबे ने बताया कि महा अष्टमी पर्व पर महाकालरात्रि की पूजा हुई। साथ ही शनिवार की सुबह से ही माता के उपासकों द्वारा माता महागौरी की अराधना में जुट गए थे। इससे अंचल के सभी देवी मंदिरों में शनिवार सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। पंडित चौबे ने बताया कि मान्यता के अनुसार जो भक्त माता गौरी की तनमन से पूजन करते हैं। उनकी मनोकामनाएं जल्द पूरी होती है। हालांकि साल में दो बार नवरात्र पर्व आता है। इसमें भक्त माता का ध्यान करके कई सिद्धियां भी प्राप्त करते हैं। साथ ही महागौरी की पूजा करने से महामारी, संकट सहित अन्य समस्याओं का आसानी से समाधान हो जाता है। माता गौरी महापापियों का नष्ट करती है। मान्यता के अनुसार मनोकामना को पूर्ण करने वाली भक्तों की समस्यायों से छुटकारा दिलाने वाली महादेव की प्यारी महागौरी हैं। इनके दर्शन मात्र से ही कई समस्याओं का निराकरण होता है। यही वजह है कि नवरात्र के दिनों में माता के नौ दिनों तक अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है। शनिवार को शहर के प्रसिद्ध बुढ़ी माई मंदिर, राजापारा स्थित समलाई माता मंदिर, समलेश्वरी मंदिर, अनाथालय स्थित दुर्गा मंदिर व केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी थी।
कन्या भोज का होगा आयोजन
रविवार को नवरात्र के अंतिम दिन रविवार को जगह-जगह कन्याभोज व महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई है। वहीं बताया जाता है कि नौ दिनों तक माता के उपासक व्रत तोडऩे से पहले नौ कन्याओं का भोजन कराती है। इसके बाद भी व्रत तोड़ती है। ऐसा करने से उनकी मनोकामना पूर्ण होती है। इसी मान्यता को लेकर कई जगह नवरात्र के अंतिम कन्या भोज का आयोजन किया जाता है। हालांकि विगत दो साल से कोरोना काल होने के कारण महाभंडारे सहित अन्य कार्यक्रमों पर बैन था, लेकिन अब स्थिति सामान्य होने के बाद इस बार सभी जगह आयोजन की तैयारी है।
निशा पूजन में बड़ी संख्या में पहुंचे थे भक्त
गौरतलब हो कि शुक्रवार को रात १२ बजे से देवी मंदिरों में काली पूजन शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे हुए थे। यह पूजन करीब ३ बजे तक चला, साथ ही भक्त अलग-अलग मनोकामना लेकर पहुंचे थे। इस दौरान पूजा समाप्त होने के बाद सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
नवमीं पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा
राम नवमीं पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाला जाना है। रामनवमी पर सर्व समाज की शोभायात्रा की शुरुआत वर्ष २०१४ से की गई। हालांकि पिछले दो साल से कोरोना संक्रमण की वजह से इसकी अनुमति नहीं मिली। अब जब स्थिति सामान्य है तो फिर से इस शोभायात्रा आयोजन किया जाना है। इसकी तैयारी एक माह पहले से शुरू कर दी गई थी। रविवार की दोपहर करीब ३ तीन बजे नटवर स्कूल मैदान से शोभायात्रा निकलेगी। इसमें सर्व समाज के लोग मौजूद रहेंगे। शोभायात्रा के दौरान व्यापक पैमाने पर भीड को देखते हुए पुलिस ने शनिवार को फ्लैग मार्च निकाला।

आज नवरात्र के अंतिम दिन देवी मंदिरों में होगा कन्या भोज का आयोजन
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
