
इस काम के लिए रेलवे स्टेशन के पास बनने जा रहा है 45 करोड़ रुपए में सात मंजिला बिल्डिंग
रायपुर . रेलवे स्टेशन के निकट स्थित गंज मंडी के पास निगम की तीन एकड़ जमीन पर स्मार्ट सिटी कंपनी सात मंजिला कार्पोरेट बिल्डिंग बनाएगा। इसकी लागत करीब 45 करोड़ रुपए आंकी गई है। स्मार्ट सिटी कंपनी ने प्रोजेक्ट का पूरा खाका तैयार कर लिया है। अगले हफ्ते टेंडर भी जारी किया जाएगा। इसके बाद एजेंसियों की निविदा आने के बाद जिसका सबसे अच्छा प्रस्ताव रहेगा, उसे वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।
दो मंजिला पार्र्किंग की व्यवस्था
स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारियों के अनुसार गंज मंडी में प्रस्तावित सात मंजिला कॉर्पोरेट बिल्डिंग में दो मंजिला पार्र्किंग रहेगी। इसके अलावा बिल्डिंग को इस तरह तैयार किया जाएगा कि वहां के दुकानें खरीदने वाले व्यापारियों को आने-जाने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। साथ ही बिल्डिंग के आसपास हरियाली के मद्देनजर छोटे-छोटे पौधे लगाए जाएंगे।
विवादित जगह का मामला बाद में सुलझाएगा
गंज मंडी में व्यापारियों और वहां के रहवासियों की जमीन का मामला बाद सुलझाया जाएगा। गंज मंडी की जमीन पर तीन बड़े कॉर्पोरेट बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव आरडीए ने बनाया था। लेकिन वहां के व्यापारियों, रहवासियों और राजनीतिक दखल के चलते मामला नहीं सुलझ पाया। इसके बाद आरडीए ने प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया। फिर कुछ साल बाद निगम प्रशासन ने उस जमीन पर व्यावसायिक काम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन निगम प्रशासन ने जमीन का मसला हल नहीं कर पाया। जब स्मार्ट सिटी कंपनी बनी तो इस प्रस्ताव को स्मार्ट सिटी कंपनी ने अपने हाथ में लिया। करीब दो साल बाद इस प्रस्ताव पर काम शुरू किया। जमीन का विवाद होने के कारण स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारियों ने बीच का रास्ता निकालते हुए गंज मंडी के पास निगम की खाली पड़ी तीन एकड़ जमीन पर सात मंजिला कार्पोरेट बिल्डिंग बनाने का निर्णय लिया और प्रस्ताव बनाया।
26 एकड़ का है प्रोजेक्ट
स्मार्ट सिटी कंपनी ने गंज मंडी के पास कुल 26 एकड़ में तीन कार्पोरेट बिल्डिंग का प्लान बनाया है। तीन चरणों में इस प्रोजेक्ट को पूरा किया जाएगा। यहां करीब 8 एकड़ जमीन पर 190 लोगों का कब्जा है। यहां व्यापारियों को नई बनने वाली बिल्डिंग में शिफ्ट करने किया जाएगा। इसके अलावा जो रहवासी हैं, उन लोगों को दूसरी जगह जमीन मुहैया कराई जाएगी। इसके बाद बाकी दो ब्लॉक में सात मंजिला बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा।
गंज मंडी में निगम की तीन एकड़ खाली जमीन पर प्रथम चरण में कार्पोरेट बिल्डिंग बनाया जाएगा। इसका टेंडर अगले हफ्ते जारी हो जाएगा। तीन चरणों में कुल 26 एकड़ में पूरा प्लान कम्प्लीट किया जाएगा।
संजय शर्मा, मैनेजर, स्मार्ट सिटी कंपनी रायपुर
Click & Read More Chhattisgarh News.
Updated on:
17 Oct 2019, 8:47 PM IST
Published on:
17 Oct 2019, 8:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.