scriptराष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नड्डा पहली बार आएंगे छत्तीसगढ़, निराशा दूर करने की चुनौती | After becoming the national president, Nadda will come to Chhattisgarh | Patrika News

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नड्डा पहली बार आएंगे छत्तीसगढ़, निराशा दूर करने की चुनौती

locationरायपुरPublished: Nov 30, 2020 06:56:18 pm

Submitted by:

VIKAS MISHRA

दिसंबर में दो दिवसीय दौरा हो सकता है बीते 2 साल में कई हार झेल चुकी है भाजपा

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नड्डा पहली बार आएंगे छत्तीसगढ़, निराशा दूर करने की चुनौती

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नड्डा पहली बार आएंगे छत्तीसगढ़, निराशा दूर करने की चुनौती

रायपुर. भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर के अंत में उनका 2 दिवसीय दौरा होगा। संभवत: यह पहली बार होगा जब उनके सामने एक-दो नहीं बल्कि कई चुनौतियां होंगी। विधानसभा चुनाव, फिर निकाय चुनाव और मरवाही चुनाव में हार के बाद कार्यकर्ताओं में निराशा है। कार्यकर्ता और नेता ही एक-दूसरे पर सवाल उठा रहे हैं। भाजपा में अंदरूनी तौर पर सबकुछ ठीक नहीं चलने की खबरें भी बीच-बीच में आती रहती हैं। ऐसे में सबको फिर से एक सूत्र में बांधना, पार्टी और संगठन को मजबूत करना नड्डा के लिए आसान नहीं होगा। हालांकि, नड्डा प्रदेश प्रभारी रह चुके हैं, यहां के कार्यकर्ताओं, नेताओं, संगठन के पदाधिकारियों से भलीभांति परिचित हैं। उनके लिए यहां कोई चेहरा नया नहीं है। लेकिन, तब बात कुछ और थी आज कुछ और है।
‘पत्रिकाÓ से बातचीत में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 100 दिन के देशव्यापी दौरे पर निकले हैं। वह यहां भी आएंगे लेकिन तिथि अभी तय नहीं है। सूत्र बताते हैं कि यह दौरा पार्टी के लिए ‘संजीवनीÓ का काम कर सकता है। गौरतलब है कि 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व चाहेगा कि सब कुछ पहले जैसा ही हो जाए।
राज्य के प्रतिनिधित्व के तौर पर सिर्फ रमन
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कर रहे हैं। वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। उनके अलावा कोई और नहीं है। नड्डा से निश्चित तौर पर मांग होगी कि राज्य के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर स्थान दिया जाए। इससे पहले प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति में यहां के किसी नेता को स्थान नहीं मिल सका है। जबकि अमित शाह की टीम में राज्यसभा सांसद सरोज पांडे को महाराष्ट्र जैसे राज्य का प्रभारी बनाया गया था।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो