रायपुर

पूर्व मंत्री का तंज, किसान हितैषी कांग्रेस सरकार धान तो खरीद रही है, लेकिन पैसे नहीं दे रही

छत्तीसगढ़ के पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने धान खरीदी को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।

रायपुरDec 07, 2019 / 05:56 pm

Ashish Gupta

रायपुर. छत्तीसगढ़ के पूर्व कृषि मंत्री और भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने धान खरीदी (Paddy Procurement) को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, भूपेश बघेल सरकार (Bhupesh Baghel Government) में धान खरीदी में बरती जा रही अनिमितता की वजह से प्रदेश का किसान परेशान है। एक तरफ सरकार किसान हितैषी बनती है और दूसरी तरफ किसानों पर तरह-तरह के प्रतिबंध लगा रही है।
उन्होंने कहा, पहले किसान 10-20 क्विंटल ज्यादा धान लाता था तो सोसायटी खरीद लेती थी। आज कम्प्यूटर में ऐसा सॉफ्टवेयर है, जिसकी वजह से सीमित बारदाने जारी होते हैं, और सीमित धान खरीदा जाता है। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में किसान सुबह धान बेचता था और शाम को उसके खाते में पैसे आ जाते थे। आज हालत यह है कि जिन किसानों ने 1 दिसंबर को सोसायटी में धान बेचा है, आज तक उनके खाते में पैसे नहीं आए हैं। ऐसी स्थिति में किसान साहूकारों से कर्ज लेने के लिए मजबूर है।
भाजपा नेता बृजमोहन ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के 2016 के उस ट्वीट का जिक्र किया, जब वे विपक्ष में थे। भूपेश बघेल ने ट्वीट में तत्कालीन सरकार से 15 नवंबर की जगह 1 नवंबर से धान खरीदी की मांग की थी। बृजमोहन ने कहा, भूपेश जब विपक्ष में रहते हैं तो 1 नवंबर से धान खरीदी करने की मांग करते हैं और जब सत्ता में आ जाते हैं तो उसे भूल जाते हैं।
उन्होंने बताया कि पहले की सरकार में किसानों से पांच बार धान खरीदा जाता था। अभी भी 5 बार धान खरीदे जाने की घोषणा की गई थी यानि एक बार में 80 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। किसान 5 बार में 400 क्विंटल बेच सकता था। लेकिन प्रदेश सरकार ने अब इसे घटाकर तीन बार कर दिया। इससे किसान सिर्फ 240 क्विंटल धान बेच पाएगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.