scriptभाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का छत्तीसगढ़ दौरा, सामने होगी निराशा दूर करने की चुनौती | BJP national president JP Nadda 2 days visit to Chhattisgarh | Patrika News

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का छत्तीसगढ़ दौरा, सामने होगी निराशा दूर करने की चुनौती

locationरायपुरPublished: Nov 30, 2020 07:52:41 pm

Submitted by:

CG Desk

– भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नड्डा पहली बार आएंगे छत्तीसगढ़। – दिसंबर अंत में हो सकता है 2 दिवसीय दौरा, बीते २ साल में कई हार झेल चुकी है भाजपा।

jp_nadda.jpg
रायपुर. भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा पहली बार छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। संभावना जताई जा रही है कि दिसंबर के अंत में उनका 2 दिवसीय दौरा होगा। संभवत: यह पहली बार होगा जब उनके सामने एक-दो नहीं बल्कि कई चुनौतियां होंगी। विधानसभा चुनाव, फिर निकाय चुनाव और हाल ही में मरवाही चुनाव में मिली हार के बाद कार्यकर्ताओं में निराशा है। कार्यकर्ता और नेता ही एक-दूसरे पर सवाल उठा रहे हैं। भाजपा में अंदरूनी तौर पर सबकुछ ठीक नहीं चलने की खबरें भी बीच-बीच में आती रहती हैं। ऐसे में सबको फिर से एक सूत्र में बांधना, पार्टी और संगठन को मजबूत करना नड्डा के लिए आसान नहीं होगा। हालांकि, नड्डा प्रदेश प्रभारी रह चुके हैं, यहां के कार्यकर्ताओं, नेताओं, संगठन के पदाधिकारियों से भलीभांति परिचित हैं। उनके लिए यहां कोई चेहरा नया नहीं है। लेकिन, तब बात कुछ और थी आज कुछ और है।
‘पत्रिका’ से बातचीत में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष १०० दिन के देशव्यापी दौरे पर निकले हैं। वह यहां भी आएंगे लेकिन तिथि अभी तय नहीं है। सूत्र बताते हैं कि यह दौरा पार्टी के लिए ‘संजीवनी’ का काम कर सकता है। गौरतलब है कि 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व चाहेगा कि सब कुछ पहले जैसा ही हो जाए।
राज्य के प्रतिनिधित्व के तौर पर सिर्फ रमन
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कर रहे हैं। वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। उनके अलावा कोई और नहीं है। नड्डा से निश्चित तौर पर मांग होगी कि राज्य के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर स्थान दिया जाए। इससे पहले प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति में यहां के किसी नेता को स्थान नहीं मिल सका है। जबकि अमित शाह की टीम में राज्यसभा सांसद सरोज पांडे को महाराष्ट्र जैसे राज्य का प्रभारी बनाया गया था।
प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी का दौरा 10 से पहले
प्रदेश प्रभारी नियुक्त होने के बाद डी. पुरंदेश्वरी दिसंबर में छत्तीसगढ़ आएंगी। हालांकि, उनके आने की तारीख अभी तय नहीं है पर माना जा रहा है 5 से 10 दिसंबर के बीच उनका प्रवास रहेगा। इसे औपचारिक मुलाकाती दौरा कहा जा रहा है। लेकिन, चर्चा है कि वे इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। उनके साथ सह प्रभारी नितिन नवीन का भी पहला दौरा होगा। कार्यकर्ताओं से भी पुरंदेश्वरी बात कर सकती हैं, ताकि वे राज्य में पार्टी की जमीनी हकीकत से बाकिफ हो सकें।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो