scriptलोकसभा चुनाव फंड के लिए कार्यकर्ताओं के भरोसे भाजपा, चंदा लेने राष्ट्रीय स्तर पर चलेगा अभियान | BJP relies on workers for Lok Sabha election fund | Patrika News

लोकसभा चुनाव फंड के लिए कार्यकर्ताओं के भरोसे भाजपा, चंदा लेने राष्ट्रीय स्तर पर चलेगा अभियान

locationरायपुरPublished: Jan 18, 2019 03:59:27 pm

Submitted by:

Deepak Sahu

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपने कार्यकर्ताओं से फंड की व्यवस्था करेगी

BJP Office

लोकसभा चुनाव फंड के लिए कार्यकर्ताओं के भरोसे भाजपा, चंदा लेने राष्ट्रीय स्तर पर चलेगा अभियान

रायपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपने कार्यकर्ताओं से फंड की व्यवस्था करेगी। इसके लिए 11 फरवरी को देशभर में समर्पण दिवस कार्यक्रम रखा गया है। इसी दिन भाजपा निष्ठावान कार्यकर्ताओं से चंदा लेने की शुरुआत करेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं से 100 रुपए से लेकर 1000 रुपए तक चंदा लिया जाएगा। वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के संदेशों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में बुधवार को हुई प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में विस्तार से इसकी जानकारी दी गई। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से सहयोग लेने पर जोर दिया गया है। भाजपा ने समर्पण दिवस मनाने के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इसमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, भीमसेन अग्रवाल के साथ ही कोषाध्यक्ष लीलाराम भोजवानी और छगनलाल मूंदड़ा शामिल किए गए हैं।
बता दें कि भाजपा ने इस प्रकार का प्रयोग विधानसभा चुनाव के समय भी किया था। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित कार्यकर्ताओं ने पार्टी को चंदा दिया था। रमन ने पार्टी को 1000 रुपए दिए थे। वहीं कार्यकर्ताओं ने भी चंदा कटवाया था। इसी तर्ज पर लोकसभा चुनाव के लिए भी फंड एकत्र किया जाएगा।

बैठक लेकर मांगा हिसाब-किताब
भाजपा ने गुरुवार को एकात्म परिसर में जिलों के अध्यक्षों और कोषाध्यक्षों की बैठक बुलाई थी। इसमें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के खर्च के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही कहा गया कि सभी उम्मीदवार निर्वाचन आयोग के नियमानुसार अपना व्यय लेखा जमा करें। इसके अलावा पार्टी फंड के आय-व्यय की भी जानकारी ली गई।

पारदर्शिता के लिए नमो ऐप
भाजपा कार्यकर्ताओं से चंदा वसूलने के लिए हाईटेक तकनीक का सहारा लेगी। भाजपा ने नमो ऐप के जरिए कार्यकर्ताओं को चंदा देने की अपील की है। इसके अलावा रसीद कटवाकर भी चंदा दिया जा सकता है। पार्टी का मानना है नमो ऐप से चंदा जमा करने पर पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बताया कि जनसंघ के समय से यह परंपरा चली आ रही है कि संगठन की गतिविधियों और पार्टी के लिए कार्यकर्ताओं से आजीवन सहयोग निधि ली जाती है। उसकी एक कमेटी भी बनती है, जो पूरा हिसाब-किताब रखती है। पार्टी को कार्यकर्ताओं का सहयोग हमेशा मिलता रहा है और आगे भी जारी रहेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो