रायपुर

धड़कने बढ़ाने वाला साबित हो रहा भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी का दौरा

– पहली ही दिन डेड लाइन तय, क्योंकि जितनी देरी हुई उतना पार्टी को होगा नुकसान। – पुरंदेश्वरी ने पूछा, आखिर इतनी देरी क्यों? 20 दिसंबर सभी कार्यकारिणी घोषित करें।

रायपुरDec 07, 2020 / 11:27 pm

CG Desk

धड़कने बढ़ाने वाला साबित हो रहा है प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी का दौरा

रायपुर. प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी (BJP State Incharge D. Purandeswari) ने भले ही सबसे सामान्य ढंग से चर्चा की हो, मगर उन्होंने पहली ही दौरे के पहले ही दिन यह स्पष्ट कर दिया कि पार्टी की नीति-रीति से कोई समझौता नहीं होगा। किसी भी काम में देरी की कोई गुंजाइश नहीं है। जब उन्हें यह पता चला कि अब तक 2 जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां नहीं हुई हैं। जिला कार्यकारिणी का गठन नहीं हुआ और मोर्चा-प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी घोषित नहीं हुई हैं तो वे थोड़ी नाराज दिखीं। जिम्मेदार पदाधिकारियों से पूछा, यह देरी क्यों? और तत्काल डेड लाइन तय कर दी। कहा कि १५ दिसंबर तक जिला कार्यकारिणी और 20 दिसंबर तक मोर्चा-प्रकोष्ठ की नियुक्तियों की नियुक्तियां करें। हमारे पास समय नहीं है। अगर, ऐसी ही देरी होती रही तो जनता तक कैसे अपनी बातें पहुंचा पाएंगे।
सूत्र बताते हैं कि यह दौर नेताओं की धड़कने बढ़ा रहा है क्योंकि विधानसभा चुनाव की हार के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह पैदा करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए। कार्यकर्ता पदाधिकारियों की नियुक्तियों से भी नाराज हैं। यही वजह है कि पार्टी नेतृत्व ने सोच-समझकर डी. पुरंदेश्वरी को जिम्मेदारी सौंपी है। सोमवार की सुबह कुशाभाऊ ठाकरे पार्टी कार्यालय में पहुंचते ही साथ उन्होंने प्रस्तावित बैठकों के पहले २ बैठकें की। ये दोनों ही बैठकें बंद कमरें में हुईं। पहली बैठक में पार्टी अध्यक्ष विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री सौदान सिंह और संगठन महामंत्री पवन साय मौजूद रहे। दूसरी बैठक में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री सौदान सिंह और संगठन महामंत्री पवन साय मौजूद रहे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसके बाद जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा हुई। दोनों ही बैठकों में प्रत्येक से परिचय हुआ। दोनों पदाधिकारियों ने कहा- हमें अभी से 2023 की तैयारियों के लिए जुटना होगा। केंद्र की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं और प्रदेश सरकार की कमियों को उठाएं। मंगलवार को वे संघ कार्यालय जाएंगी, उसके बाद देर रात तक फिर बैठकों का दौर चलेगा।
सोशल मीडिया, आईटी सेल के साथ भी की चर्चा
आज के समय में सोशल मीडिया जनता तक पहुंचने का सबसे बड़ा रोल अदा कर रही है। यही वजह है कि डी. पुरंदेश्वरी ने समय निकालकर भाजपा आईटी सेल के पदाधिकारियों से अलग से चर्चा की। कहा कि आप सभी की अहम भूमिका है। जनता तक केंद्र की योजनाएं पहुंचाएं, विपक्ष की कमियों को सामने रखें।
नंदकुमार साय हुए नाराज
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद कुमार साय दोपहर 1.30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी, पदाधिकारियों की बैठक ले रही थीं। साय को अंदर जाने से रोक दिया गया, क्योंकि वे इस बैठक का हिस्सा नहीं थे। वे कोर कमेटी में, जिसकी बैठक शाम को प्रस्तावित थी। इस दौरान साय थोड़े नाराज जरूर दिखे, मगर उनके पीए ने उन्हें जब पूरी जानकारी दी तो वे तत्काल वहां से चले गए।
एक दिन बढ़ा दौरा, 9 को बिलासपुर जाएंगी
जानकारी के मुताबिक प्रदेश प्रभारी का दौरा एक दिन और बढ़ गया है। वे निजी कार्यक्रम के तहत बिलासपुर जाएंगी। इस दिन भी सुबह कुछ नेताओं से चर्चा होगी। शाम ४ बजे ओडिशा के लिए रवाना होंगी।
एयरपोर्ट से पार्टी दफ्तर तक चला स्वागतों का दौर, हर नेता रहा मौजूद
प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी (BJP State Incharge D. Purandeswari) व प्रदेश सहप्रभारी नितिन नवीन के स्वागत में सुबह 8 बजे से ही एयरपोर्ट में पदाधिकारी कार्यकर्ता गाजे बाजे, ढोल लेकर पहुंच गए थे। इस मौके पर सिख समाज, मुस्लिम समाज, उत्कल समाज, बंगाली समाज के सहित कई सामाजिक संगठनों के लोग पहुंचे। पार्टी नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिश ने दोनों नेताओं की अगुवानी की। सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री मौजूद रहे। माना बस्ती में महिला मोर्चा द्वारा स्वागत किया गया। मोटरसाइकिल रैली के साथ प्रदेश प्रभारी को पार्टी कार्यालय लाया गया। स्वागत की पूरी जिम्मेदारी भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी और उनकी टीम पर थी।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.