रायपुर

Mission 65 के लिए 20 लाख वोटरों को वॉट्सऐप पर जोड़ेगी BJP

मिशन-65 के लिए पार्टी ने फेसबुक और ट्विटर के बाद वॉट्सएप ग्रुप के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता तक अपनी पैठ बनाएगी।

रायपुरJun 25, 2018 / 08:20 pm

Ashish Gupta

bjp flag

रायपुर. आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा सोशल मीडिया को बड़े हथियार के रूप में इस्तेमाल करेगी। मिशन-65 के लिए पार्टी ने फेसबुक और ट्विटर के बाद वॉट्सएप ग्रुप के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता तक अपनी पैठ बनाएगी।
वॉट्सऐप ग्रुप से करीब 20 लाख लोगों को जोडऩे का लक्ष्य लेकर पार्टी के आईटी सेल ने काम शुरू कर दिया है। सबसे अहम यह है कि ग्रुप बनाते समय नए मतदाताओं को विशेष महत्व दिया जा रहा है। आईटी सेल शक्ति केंद्रों को आधार बनाकर वॉट्सऐप ग्रुप तैयार कर रही है।
भाजपा ने चार से पांच बूथों को मिलकर एक शक्ति केंद्र बनाया है। इस हिसाब से प्रदेशभर में लगभग 7 हजार 500 शक्ति केंद्र तैयार किए गए हैं। पार्टी ने इन केंद्रों को मजबूत करने के लिए अपने सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों को झोंक दिया है। आइटी सेल को सोशल मीडिया के जरिए मतदाताओं को जोडऩे की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा आइटी सेल के प्रमुख दीपक म्हस्के बताते हैं कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से इंटरनेट सेवा का विस्तार हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी वॉट्सऐप ग्रुप बनाए जा रहे हैं। ग्रुप से जुड़े लोगों को इस बात के लिए प्रेरित किया जाएगा कि वे पार्टी की उपलब्धियों और कार्यों को चुनाव के पहले लोगों में प्रचारित करें। पार्टी नेताओं का मानना है कि इससे विपक्ष की ओर से चलाए जा रहे अभियानों का सामना करने में मदद मिलेगी।

तैयार हो रहा डाटाबेस
आइटी सेल अपने एक-एक कार्यकर्ताओं का पूरा डाटा बैस तैयार कर रहा है, ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव के समय हाइटेक तकनीक का उपयोग कर कार्यकर्ताओं तक पार्टी की बात आसानी से पहुंचाई जा सके।

विकास पर फोकस
आइटी सेल ने नाकारात्मक बातों को छोड़कर पूरा फोकस सिर्फ विकास पर रखने की योजना बनाई है। राज्य और केंद्र सरकार के विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर कई मुहिम भी चला रखी है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.