scriptBJP will include the demand of irregular workers in its manifesto | भाजपा अपने घोषणा पत्र में करेगी अनियमितकर्मियों की मांग को शामिल | Patrika News

भाजपा अपने घोषणा पत्र में करेगी अनियमितकर्मियों की मांग को शामिल

locationरायपुरPublished: Jul 14, 2023 07:21:43 pm

Submitted by:

santram sahu

- सरकार बनते ही भाजपा पूरा करेगी वादा

भाजपा अपने घोषणा पत्र में करेगी अनियमितकर्मियों की मांग को शामिल
भाजपा अपने घोषणा पत्र में करेगी अनियमितकर्मियों की मांग को शामिल
- सरकार बनते ही भाजपा पूरा करेगी वादा
- प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने धरने पर बैठे कर्मचारियों के धरना स्थल पर किया ऐलान

रायपुर.
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने ऐलान किया है कि भाजपा संविदा,अनियमित,दैनिक वेतन भोगी व अन्य प्रकार के अस्थाई कर्मचारियों की मांग को अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी और सरकार बनते ही भाजपा अपना वादा पूरा करेगी। भाजपा जो कहती है, वह करके भी दिखाती है। साव ने प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी, विजय शर्मा और केदार कश्यप सहित भाजपा नेताओं के साथ शुक्रवार को सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ के बैनरतले तूता में आंदोलित कर्मचारियों से आंदोलन स्थल पर पहुंचकर अपना पूरा समर्थन दिया और उन्हें विश्वास दिलाया कि भाजपा की सरकार बनते ही कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगें पूरी की जाएंगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साव ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा, धूप, गर्मी, उमस और बारिश के बावजूद अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे कर्मचारियों के हजारों परिवार की चिंता करने के बजाए प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक खानदान, एक परिवार की सेवा-चाकरी और चिंता कर रहे हैं। साव ने कहा, कांग्रेस ने अपने पिछले चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था कि सत्ता में आते ही 10 दिन में संविदा कर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा, लेकिन सरकार वादा पूरा करने में टाल-मटोल करती रही, बहानेबाजी करती रही। प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी करके हजारों कर्मचारियों को आंदोलन के लिए बाध्य किया है। प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के साथ-साथ कर्मचारियों को भी बार-बार धोखा दिया है। साव ने कहा कि कर्मचारियों के साथ ही पूरे प्रदेश ने अब वादाखिलाफी करने वाली सरकार को सबक सिखाने का निश्चय कर लिया है। साव ने आश्वस्त किया कि लाखो कर्मचारियों का दु:ख-दर्द भाजपा परिवार का दु:ख-दर्द है। प्रदेश के मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की कोई फिक्र नहीं है। अब इस प्रदेश सरकार का हिसाब नवम्बर में चुकता करने का मौका कर्मचारियों को मिल रहा है। ऐसी तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकें और आज से लाखों कर्मचारी अपने भविष्य की चिंता छोड़ दें, उनकी चिंता अब भाजपा करेगी। साव ने कहा, कर्मचारियों के संघर्ष में भाजपा हर कदम पर कर्मचारियों के साथ खड़ी है।
Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.