रायपुर

इस महिला के साहस को सलाम, चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को पकड़ा, की धुनाई

महिला ने चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को न केवल दबोचा, बल्कि उसकी धुनाई भी की

रायपुरJul 27, 2018 / 09:39 am

Deepak Sahu

इस महिला के साहस को सलाम, चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को पकड़ा, की धुनाई

रायपुर. आमतौर पर लुटेरों के देखकर महिलाएं डर जाती हैं। उनका पीछा करना तो दूर, मदद के लिए भी गुहार नहीं लगा पाती। सिटी कोतवाली इलाके में एक महिला ने एेसा नहीं किया। महिला ने चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को न केवल दबोचा, बल्कि उसकी धुनाई भी की। फिर आसपास के लोगों को बुलाकर बदमाश को पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक विद्यानगर निवासी प्रमिला सिंह (48) गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस पेट्रोल पंप के पास शिवमंदिर पूजा-अर्चना करने गई थी। इस दौरान छोटापारा निवासी मोहम्मद जुमेर पहुंचा। उसने महिला के गले से सोने की चेन लूटी और भागने लगा।

अचानक हुई घटना से महिला हड़बड़ा गई, लेकिन जल्द ही संभलते हुए उन्होंने साहस का परिचय दिया। उन्होंने बदमाश का पीछा किया। कुछ आगे जाकर बदमाश को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई की और चिल्लाकर आसपास के लोगों को बुलाया। पास में ही पेट्रोल पंप है। वहां के कर्मचारी भी महिला की मदद के लिए पहुंच गए। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से लूट की चेन जब्त कर ली गई है। बताया जाता है कि पीडि़ता के पति पुलिस हेड कांस्टेबल हैं।

 

मार्निंग वॉक पर निकली महिलाओं पर रखता था नजर : आरोपी जुमेर मूलत: गुजरात का रहने वाला है। वह कई दिनों से अपने रिश्तेदार के यहां छोटापारा में रह रहा था। आरोपी सुबह-सुबह घूमने निकलता था। उसकी नजर मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाली महिलाओं पर रहती थी। वह मौके की तलाश में रहता था। आरोपी से चेन स्नेचिंग के पुराने मामलों के संबंध में भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

 

chain snatcher

रायपुर सिटी कोतवाली के टीआइ शिवानंद तिवारी ने कहा कि महिला पूजा करने मंदिर गई थी। इसी दौरान बदमाश उनकी चेन छिनकर भाग रहा था। पीडि़ता ने साहस का परिचय दिया। बदमाश को पकड़ा और शोर मचाने लगी। इस बीच आसपास के लोग पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Hindi News / Raipur / इस महिला के साहस को सलाम, चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को पकड़ा, की धुनाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.