जानकारी के अनुसार, चिंगरापारा निवासी प्रकाश ठाकुर (26) बोल और सुन नहीं सकता था। पड़ोस में ही उसके मामा का लड़का प्रदीप ठाकुर रहता था। दोनों एक साथ रहते थे और आदतन शराबी थे। बताया जा रहा है कि सोमवार रात भी दोनों शराब के नशे में थे। इस दौरान रात करीब 11 बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि प्रदीप ने घर में रखे पत्थर से प्रकाश का सिर कुचल दिया।
इस वारदात के बाद आसपास के लोगों ने डायल 112 के साथ ही सरकंडा थाने में सूचना दी। सूचना के दो घंटे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके चलते खून से लथपथ लाश घर के बाहर पड़ी रही। स्थिति यह थी पूरे गली में खून बह गया था। हालांकि, बारिश होने के बाद सब धुल गया। पुलिस ने शव को कपड़े से ढंकवा दिया। इस दौरान शव पूरी रात घर के बाहर गली में ही पड़ी रही।
इस घटना के बाद लाश को छोड़कर पुलिस कर्मी आरोपी प्रदीप की तलाश में जुट गए। वह घटना के बाद से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही CSP स्नेहिल साहू व TI उत्तम साहू मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हत्यारे युवक की जानकारी जुटाई और उसकी तलाश करने के निर्देश दिए। इसके कुछ देर बाद ही आरोपी प्रदीप ने सरेंडर कर भी कर दिया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि प्रदीप ने अपनी पत्नी को जलाकर मार दिया था। इस केस में वह करीब 17 साल तक जेल में रहा। करीब सात माह पहले ही वह जेल से छूटा था। यह भी पता चला है कि प्रकाश ठाकुर भी करीब 6 साल पहले हत्या के मामले में दो साल जेल में बंद रहा। जेल से छूटने के बाद उसने ATM में तोड़फोड़ कर चोरी करने का प्रयास किया था। इस केस में वह करीब चार साल जेल में बंद रहा।
प्रकाश ठाकुर का भाई मोनू ठाकुर भी चोरी का आरोपी है। वह बीते एक माह से जेल में है। वहीं, हत्या का आरोपी प्रदीप ठाकुर का भाई लड़की से रेप व अप्राकृतिक कृत्य के केस में जेल में बंद है। मृतक के साथ ही आरोपी दोनों का परिवार अपराधी किस्म के हैं