अवैध नलों के खिलाफ अभियान, पहले दिन 27 पर चली आरी
लालपुर, खमतराई और गुढिय़ारी में काटे गए 27 कनेक्शन

रायपुर. अवैध नलों पर अब निगम की आरी चलने लगी है। नगर निगम ने सोमवार को अवैध नलों को काटने का अभियान चलाया। इस दौरान करीब दोदर्जन से अधिक घरों के अवैध नल काटे गए। जानकारी के अनुसार नगर निगम अमले ने घर-घर सर्वे कर अभियान चलाकर लालपुर, खमतराई, गुढिय़ारी में 27 घरों में लगे अवैध नलों को विच्छेदन किया।
नगर निगम जोन 1 के वीर शिवाजी वार्ड क्रमांक 16 के खमतराई क्षेत्र एवं ठक्कर बापा वार्ड क्रमांक 17 के गुढिय़ारी क्षेत्र में जोन के जलविभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध नलों को काटने का अभियान चलाया। इसमें खमतराई क्षेत्र में 10 एवं गुढिय़ारी क्षेत्र में 5 घरों में अवैध नल पाया। टीम ने मौके पर ही सभी अवैध नलों को काटा। इसी प्रकार जोन 6 के जल एवं राजस्व अमले ने जोन क्षेत्र में रवींद्रनाथ टैगोर वार्ड क्रमांक 55 के लालपुर क्षेत्र में घर-घर जाकर नल कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान अमले को लालपुर के 12 घरों में अवैध नल कनेक्शन मिला। इसके बाद टीम ने मौके पर ही सभी अवैध नलों को काटा।
शुल्क लेकर नियमित भी कर रहे
निगम के अपर आयुक्त पुलक भट्टाचार्य ने बताया कि निगम की जलकार्य विभाग और राजस्व अमले की टीम अवैध नलों की जांच कर रही है। जिस घर में नल अवैध पाया जा रहा है, उसे तत्काल विच्छेद किया जा रहा है। इसके अलावा निगम के जोन कार्यालयों में अवैध नलों के नियमितीकरण के लिए आने वालों से नियमानुसार शुल्क लेकर अवैध नल को नियमित करने के निर्देश दिए गए हैं। संपत्तिकर जमा करने वालों से 9600 रुपए और संपत्तिकर नहीं भरने वालों से 5600 रुपए शुल्क लेकर अवैध नल को नियमित किया जा रहा है।
अब पाइए अपने शहर ( Raipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज