script

शुभम पात्र आत्महत्या मामला- लिपिक वर्गीय अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित

locationरायपुरPublished: Oct 22, 2020 03:31:01 pm

Submitted by:

Gulal Verma

जिला प्रशासन ने उचित कार्रवाई का दिलाया भरोसा

शुभम पात्र आत्महत्या मामला- लिपिक वर्गीय अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित

शुभम पात्र आत्महत्या मामला- लिपिक वर्गीय अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित

गरियाबंद। जिले के देवभोग तहसील में पदस्थ लिपिक शुभम पात्र की आत्महत्या के प्रकरण में जिला प्रशासन ने आंदोलनरत लिपिक वर्गीय संघ को आश्वस्त किया है कि आत्महत्या प्रकरण में निष्पक्ष व तथ्यात्मक कार्रवाई की जा रही है। अपर कलेक्टर जे. आर. चौरसिया ने बताया कि इस संबंध में कलेक्टर द्वारा नामित जांच अधिकारी के रूप में वे स्वयं जांच कर रहे हंै। जांच में सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है । वहीं, आंदोलनरत लिपिक संघ ने पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल से भी चर्चा की। उन्होंने भी आश्वस्त किया गया है कि विवेचना अधिकारी नियुक्त कर वे स्वयं मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 के तहत अकाल व आकस्मिक मृत्यु की सूचना संबंधी प्रकरण पहले ही दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जांच सभी पहलुओं पर निष्पक्ष रूप से जारी है।
पुलिस अधीक्षक व अपर कलेक्टर से चर्चा के बाद लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष पन्नालाल देववंशी, सचिव बसंत मिश्रा, राकेश शर्मा ने बुधवार को कलेक्टर छतर सिंह डेहरे को हड़ताल स्थगित करने संबंधी ज्ञापन सौंपा। जिसमेेंं इस बात पर संतुष्टि व्यक्त की गई है कि उनकी मांग पर नायब तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे को मैनपुर से हटाकर जिला कार्यालय गरियाबंद में भू-अभिलेख शाखा में संलग्न किया गया है। लिपिक संघ ने कहा कि जिला प्रशासन के साथ सार्थक चर्चा से जारी विवेचना और जांच के संबंध में भी न्याय पाने की आशा जागृत हुई है।
कलेक्टर ने नायब तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे को जिला कार्यालय गरियाबंद भू अभिलेख शाखा में संलग्न किया है। इस संबंध में बुधवार को कलेक्टर द्वारा आदेश जारी कर पूर्व आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए बाबूलाल कुर्रे नायब तहसीलदार को भू अभिलेख शाखा गरियाबंद में संलग्न किया गया है। वहीं, गरियाबंद के तहसीलदार राकेश साहू अब मैनपुर तहसीलदार होंगे। गरियाबंद के नायब तहसीलदार समीर शर्मा को गरियाबंद तहसील का प्रशासनिक प्रभार दिया गया है। घनश्याम जंघेल नायब तहसीलदार को छुरा तहसीलदार का प्रशासनिक प्रभार दिया गया है। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी वित्तीय प्रभार में रहेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो