अब अपराध गढ़ बन गया है छत्तीसगढ़ : डॉ. रमन सिंह
प्रदेश में विकास के सारे काम ठप, कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर

कसडोल। छत्तीसगढ़ अब अपराध का गढ़ बन गया है। चोरी, डकैती, हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं आम हो गई हैं। विकास के सारे काम ठप हो गए हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह गुरुवार को गिरौदपुरी मेले के प्रथम दिन गुरुदर्शन के लिए जाते समय स्थानीय विश्राम गृह में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उक्त बातें कही।
मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद प्रथम बार कसडोल नगर आगमन पर डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय आदि सहित आगंतुक अतिथियों का स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। डॉ. रमन सिंह ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार अब अपने वादों से मुकर रही है। कांग्रेस के दो साल के शासनकाल में ही जनता उनसे ऊब चुकी है। जनता अभी से परिवर्तन के लिए छटपटा रही है। सरकार विश्व बैंक से कर्जा लेकर आम जनता को कर्ज के बोझ से लाद रही है। कर्ज में ली गई राशि का कोई काम नहीं दिखता। शासन के नरवा, गरवा, घुरवा ए बाड़ी योजना को फ्लॉप बताते हुए कहा कि गोठान में गोमाता को रखने के लिए न तो पर्याप्त शेड हैं और न ही चारा-पानी की व्यवस्था है। बल्कि, इस काम को कराने वाले सरपंचों का कम से कम दस लाख रुपए से भी अधिक का कर्ज चढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है। गांव में अवैध शराब की नदियां बह रही हैं। राज्य का हर व्यक्ति आज असुरक्षित महसूस कर रहा है। राज्य में क़ानून का नहीं, माफियाओं का राज चल रहा है। कांग्रेस सरकार, मंत्री व कांग्रेसी नेताओं पर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज समूचे राज्य में रेत माफिया, खनन माफिया, भू-माफिया, शराब माफियाओं का राज कायम हो गया है। यहां के सारे नदी सरकार ने बेच दी है। नदियों से रेत की अवैध उत्खनन कर अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वे और उनकी पूरी टीम गिरौदपुरी में जाकर मत्था टेककर छत्तीसगढ़ की सुख समृद्धि वं विकास के लिए गुरु घासीदास बाबा से प्रार्थना करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री के साथ कसडोल क्षेत्र के पूर्व विधायक व छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्रीगण पुन्नू लाल मोहले, दयाल दास बघेल, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, सतनामी समाज के गुरु आसन दास आदि सहित वरिष्ठ भाजपा नेतागण आए थे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, जनपद अध्यक्ष गौरी देवी सिंह, सांसद प्रतिनिधि संतोष वैष्णव, जनपद सभापति मेला राम साहू, अंजीव जायसवाल, सरपंच संघ के भरतदास मानिकपुरी, रामचन्द्र ध्रुव, संतराम वर्मा, दिलहरण जायसवाल , मण्डल अध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल , युवा मोर्चा अध्यक्ष नागेश्वर साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष भारती बाला मैथ्यू आदि उपस्थित थे।
अब पाइए अपने शहर ( Raipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज