scriptहाथी के हमले से किसान घायल, बिलासपुर रेफर | cg news | Patrika News

हाथी के हमले से किसान घायल, बिलासपुर रेफर

locationरायपुरPublished: Oct 22, 2021 04:40:32 pm

Submitted by:

Gulal Verma

हाथियों ने फसल को पहुंचाया भारी नुकसान

हाथी के हमले से किसान घायल, बिलासपुर रेफर

हाथी के हमले से किसान घायल, बिलासपुर रेफर

सेल। वन परिक्षेत्र अर्जुनी के अंतर्गत ग्राम बिलारी (ज) में गुरुवार को हाथी के हमले में एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। वन विभाग ने तत्काल 5 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की है।
मिली जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार वनमंडल व कसडोल उपवन मंडल के वन परिक्षेत्र अर्जुनी के अंतर्गत ग्राम बिलारी (ज) सराईपाली क्षेत्र में हाथी लगातार विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम क्षेत्र के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को हाथियों से दूर रहने व सतर्कता बरतनी की समझाइश दे रही है। बावजूद इसके ग्रामीण हाथियों को देखने उसने करीब पहुंच जाते हैं। गुरुवार सुबह 7 बजे ग्राम बिलारी में दो दंतैल हाथी खेतों में दिखाई दिए। ग्रामीण देखने के लिए सामने चले गए। इसी दौरान ग्राम बिलारी (ज) निवासी किसान पतिराम निषाद (36) को एक हाथी ने घायल कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए बिलाईगढ़ सामुदायिक अस्पताल वन विभाग द्वारा भेजा गया। वहीं, प्रशिक्षु रेंजर तोशी वर्मा द्वारा 5000 की सहायता राशि नकद दी गई। पतिराम को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।
बिलारी के किसानों हेमलाल पटेल, खेमानंद पटेल, मुनेंद्र पटेल, दयाराम पटेल, साबित नायक, हेमलाल नायक, उत्तम पटेल, मुकेश पटेल, रोहित पटेल, प्रफुल्ल पटेल, जितेंद्र पटेल, फुलेश्वर पटेल, मकुंद पटेल, गोवर्धन नायक, वासुदेव नायक, लीलम्बर पटेल, नेहरू पटेल, ऋषि कुमार पटेल, सुदर्शन पटेल, पुरुषोत्तम पटेल, जीवन पटेल आदि ने बताया कि हर बार हाथी इस जंगल मे आता है ,लेकिन कोई जनहानि या धन हानि नहीं हुई थी। इस बार हाथियों ने फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है।
—-
अर्जुनी व बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र में लगातार हाथियों का आगमन हो रहा है, जिसे लेकर गांव- गांव में मुनादी कर दी गई है। गुरुवार को एक व्यक्ति हाथी देखने गया था, उसे हाथी ने हमला कर घायल किया है। घायल का उपचार बिलासपुर में चल रहा है। वहीं, फसल नुकसान का मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है।
– संतोष कुमार चौहान, वन परिक्षेत्र अधिकारी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो