scriptराजिम त्रिवेणी संगम में नौका विहार चलाने से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा | cg news | Patrika News

राजिम त्रिवेणी संगम में नौका विहार चलाने से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

locationरायपुरPublished: Dec 01, 2021 05:41:27 pm

Submitted by:

Gulal Verma

एनीकट में पानी भरा रहने से बना रहता है वाटर लेवल

राजिम त्रिवेणी संगम में नौका विहार चलाने से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

राजिम त्रिवेणी संगम में नौका विहार चलाने से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

फिंगेश्वर (ग्रामीण)। देश के ऐतिहासिक व धर्म नगरी राजिम के त्रिवेणी संगम में मोटर बोट या फिर नौका विहार किया जाए तो यहां के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के साथ ही एनीकट में 12 महीना पानी भरे रहने से वाटर लेवल बना रहेगा। फिल्म जगत को फिल्मांकन के लिए मनमोहक दृश्य मिल सकेगा। गरियाबंद जिला हरा-भरा वनों से आच्छादित है। घटारानी, जतमाई, भूतेश्वर महादेव जैसे विश्वप्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन स्थलों से सुशोभित है।
उल्लेखनीय है कि त्रिवेणी संगम में डब्ल्यूआरडी डिपार्टमेंट से करोड़ों की लागत में लक्ष्मण झूला बना हुआ है, जो पूर्णता की ओर है। गत दिनों नवीन क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे गरियाबंद कलेक्टर निलेश क्षीरसागर ने मेला तारीख आते तक लक्ष्मण झूला के तैयार होने की बात कही है। इस सस्पेंशन ब्रिज के खुलने से बरसात के साथ ही अन्य मौसम में भी आसानी से श्रद्धालुगण विश्व प्रसिद्ध कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर व लोमश ऋषि आश्रम पहुंच जाएंगे। दूसरी ओर यहां स्थित नवागांव एनीकट, राजिम एनीकट व रावड़ एनीकट से पूरे क्षेत्र में वाटर लेवल बना रहेगा। बशर्ते, एनीकट पानी से लबालब होना चाहिए। वैसे भी वर्तमान में नवागांव एनीकट (जिसके तट पर नवीन मेला क्षेत्र है) पानी से भरा हुआ है। दृश्य अत्यंत मनोहारी है। यहां पर नौका चलाई जाए तो लोग मजे के साथ विहार करेंगे।
बता देना जरूरी है कि यहां से मात्र 14 किलोमीटर की दूरी पर महाप्रभु वल्लभाचार्य व पंचकोशी शिव पीठ चंपकेश्वर नाथ महादेव स्थित है। दर्शन पूजन के अलावा पर्यटन में एक दिन राजिम तो दूसरा दिन चंपारण इस तरह से समय गुजरते देर नहीं लगेगी और नौका विहार के नाम से क्षेत्र की प्रसिद्धि तेजी के साथ फैलेगी। इस संबंध में स्थानीय लोग कहते हैं कि यदि नौका विहार का सपना राजिम में साकार हुआ तो यहां के लोगों को रोजगार मिलेगा। लोग छोटे-मोटे गुमटिया डालकर एक अच्छे आय अर्जित करेंगे। अस्थि विसर्जन व स्नान के लिए वर्ष भर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते रहते हैं। इनके अलावा पर्यटक भी आते हैं। यहां के मंदिरों में उत्कृष्ट कला नक्काशी लोगों को आश्चर्य में डाल देती है। इनके साथ ही यह धरा हरि और हर का है। इसलिए शैव व वैष्णव धर्म मतावलंबियों का आना-जाना हमेशा लगा रहता है। लोकल के अलावा बाहर के लोगों ने भी प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पर्यटन मंत्री व क्षेत्रीय विधायक अमितेश शुक्ला से शीघ्र नौका विहार चलाने की मांग की है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो