रायपुर

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: डिमांड के हिसाब से तय किए जाएंगे स्टार प्रचारकों के क्षेत्र

सीएम रमन सिंह ने मीडिया से बातचीत में चुनावी दौरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव में स्टार प्रचारकों का क्षेत्र उनके डिमांड के अनुसार तय किया जाएगा।

रायपुरOct 25, 2018 / 05:24 pm

Ashish Gupta

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: डिमांड के हिसाब से तय किए जाएंगे स्टार प्रचारकों के क्षेत्र

रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए आज एकात्म परिसर में भाजपा के प्रत्याशियों की बैठक हुई। बैठक में शामिल होने से पहले सीएम रमन सिंह ने मीडिया से बातचीत में चुनावी दौरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव में स्टार प्रचारकों का क्षेत्र उनके डिमांड के अनुसार तय किया जाएगा। रमन सिंह ने बताया कि चुनाव थमते तक उनका दौरा निरंतर बना रहेगा। अधिकांश विधानसभा क्षेत्र में वे स्वयं चुनावी दौरा करेंगे।
 

उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडऩवीस, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत भाजपा के राष्ट्रीय नेता उनके साथ मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा की आज होने वाली बैठक में तय होगा कि स्टार प्रचारक कौन-से विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करेंगे।
वहीं भाजपा के प्रत्याशियों की बैठक में चुनावी रणनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री रमन सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, प्रदेशाध्यक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश सह संगठन मंत्री सौदान सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

स्टार प्रचारकों की लिस्ट में इन दिग्गजों के नाम शामिल
बतादें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर चुकी है। भाजपा की ओर से जारी लिस्ट में सबसे पहला नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है। इसके बाद स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वित्त मंत्री अरुण जेटली, केंद्रीय परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा की फायर ब्रांड उमा भारती, स्मृति इरानी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हेमा मालिनी जैसे दिग्गज नेताओं का नाम शामिल है।

इसके अलावा स्टार प्रचारकों की लिस्ट में धर्मेंद्र प्रधान, जेउल उरांव, रविशंकर प्रसाद, जगतप्रकाश नड्डा, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, मुख्यमंत्री रमन सिंह, भाजपा प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, सौदान सिंह, सरोज पांडेय, मनोज तिवारी, विष्णुदेव साय, अर्जुन मुंडा, बृजमोहन अग्रवाल, अभिषेक सिंह, दिनेश कश्यप, रमेश बैस, धरमलाल कौशिक, हुकुमदेव नारायण यादव, रामकृपाल यादव, पवन साय, रामप्रताप सिंह, चंदूलाल साहू, कमलभान सिंह मरावी, कमलादेवी पाटले, लखनलाल साहू, रणविजय सिंह जूदेव, रामविचार नेताम, फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम शामिल है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.