रायपुर

भाजपा से निष्कासन के बाद मंतूराम का बड़ा बयान, बोले – पार्टी में चल रही रमन की दादागिरी

भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासन के बाद पूर्व विधायक मंतूराम पवार ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर जमकर हमला बोला।

रायपुरSep 11, 2019 / 01:32 pm

Ashish Gupta

Chhattisgarh Former MLA

रायपुर. भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासन के बाद पूर्व विधायक मंतूराम पवार ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर जमकर हमला बोला। निष्कासन पर पूर्व विधायक मंतूराम पवार ने कहा कि भाजपा में डॉ. रमन सिंह की दादागिरी चल रही है। यही वजह है कि पार्टी ने नियमों के दायरे से बाहर मुझे कारण बताओ नोटिस दिए बिना निष्कासित कर दिया है।
मंतूराम पवार ने आरोप लगाते हुए कहा कि डॉ. रमन सिंह के कारण भाजपा प्रदेश में खत्म होने की स्थिति में आ गई है। 15 साल के कार्यकाल के बाद केवल 15 सीटों पर ही सिमट गई है। इसकी समीक्षा कर दोषियों पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें पद दिया जा रहा है। उन्होंने इस निर्णय के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पत्र लिखने की भी बात कही है।
अंतागढ़ कांड में रमन, जोगी का नाम सामने आने पर बोले CM – शर्मनाक! षडयंत्रकारियों को राजनेता कहना ठीक नहीं

बतादें कि भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व विधायक मंतूराम पवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने मंतूराम पवार के निष्कासन का आदेश जारी कर दिया। पवार को कब तक के लिए निकाला गया है इस पर भाजपा की वरिष्ठ पदाधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है।
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने सोमवार को ही पवार को पार्टी से निकालने के संकेत दे दिए थे। बता दें कि अंतागढ़ कांड में आरोपी मंतूराम पवार ने 7 सितंबर को कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान देकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी थी।
कांग्रेस बोली – रमन सिंह, अजीत जोगी अंतागढ़ कांड की लें नैतिक जिम्मेदारी और छोड़ दें राजनीति

भाजपा में सच बोलने वालों की जगह नहीं
इधर, भाजपा से मंतूराम पवार के निष्कासन के बाद कांग्रेस ने जुबानी हमला किया है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा, मंतूराम पवार जब तक भाजपा और उनकी बी टीम के कहने पर काम कर रहे थे, तब तक डॉ रमन सिंह और धरमलाल कौशिक ने उनका स्वागत अभिनंदन किया। अंतागढ़ मामले में सच बोलते ही उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया। इस कदम से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा में सच बोलने वालों की कोई जगह नहीं है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.