scriptसीएम पद के चारों दावेदार दिल्ली रवाना, राहुल आज तय करेंगे नाम | Chhattisgarh Four candidates of CM post went to Delhi to meet Rahul | Patrika News

सीएम पद के चारों दावेदार दिल्ली रवाना, राहुल आज तय करेंगे नाम

locationरायपुरPublished: Dec 14, 2018 08:09:32 am

Submitted by:

Deepak Sahu

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के लिए कांग्रेस विधायकों की राय पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के पास पहुंच गई है

CGNews

सीएम पद के चारों दावेदार दिल्ली रवाना, राहुल आज तय करेंगे नाम

रायपुर. प्रदेश में मुख्यमंत्री के लिए केंद्रीय नेतृत्व में मंथन जारी है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के लिए कांग्रेस विधायकों की राय पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के पास पहुंच गई है। पार्टी पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खडग़े और प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने शाम को राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें विधायकों की राय से अवगत करा दिया।
इस बीच छत्तीसगढ़ के पार्टी पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खडग़े ने बताया कि गुरुवार शाम छत्तीसगढ़ के मुद्दे पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ होने वाली बैठक फिलहाल टाल दी गई है और अब यह बैठक अब शुक्रवार को होगी। संभवत: शुक्रवार को ही छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री की घोषणा कर दी जाएगी।
इस बीच कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के दावेदार भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और ताम्रध्वज साहू को दिल्ली बुलाया है। ये चारों दावेदार शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ होने वाली बैठक में हिस्सा लेंगे। खडग़े के मुताबिक राहुल गांधी ने कहा है कि आप जल्द ही मुख्यमंत्री का चेहरा देखेंगे। फिलहाल वे विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की राय जान रहे हैं। इधर, राजधानी रायपुर में फैसले में देरी से कांग्र्रेसी कार्यकर्ताओं में तनाव बढ़ता जा रहा है।
यूथ कांग्रेस और एनएसयूआइ के सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के शांति नगर स्थित सरकारी बंगले के भीतर-बाहर जमे रहे। वहां भूपेश के समर्थन में नारेबाजी होती रही। वहीं टीएस सिंहदेव के बंगले में भी सरगुजा क्षेत्र से आए उनके समर्थकों ने डेरा डाले रखा। वहां नारेबाजी और आतिशबाजी का दौर शाम से ही शुरू हो गया था। इस हंगामे के बीच भूपेश बघेल अपने भिलाई स्थित निवास और टीएस सिंहदेव राजकुमार कॉलेज स्थित निवास में चले गए थे।
डॉ. चरणदास महंत के देवेंद्र नगर स्थित बंगले पर भी दिन भर समर्थकों का तांता लगा रहा। महंत के जन्मदिन की वजह से भी बहुत से लोग उनको बधाई देने पहुंचे थे। इधर मुख्यमंत्री पद के एक और दावेदार ताम्रध्वज साहू गुरुवार सुबह संसद के शीतकालीन सत्र में भाग लेने चले गए। बताया जा रहा है कि रात तक मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो जाएगी।

राहुल बोले- मुख्यमंत्री का चेहरा जल्द
इधर, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि जल्दी ही आप मुख्यमंत्री का चेहरा देखेंगे। अभी विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की राय जान रहा हूं।

कल शपथ ले सकती है नई सरकार, तैयारी शुरू
मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने की कांग्रेस की माथापच्ची के बीच प्रशासन शपथ ग्रहण की तैयारियों में जुट गया है। प्रशासनिक अमले ने गुरुवार सुबह से ही रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में मोर्चा संभाल लिया। सूत्रों के मुताबिक इसी मैदान पर 15 दिसम्बर को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल कांग्रेस के नेतृत्व वाली नई सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।

CGNews

भूपेश के बंगले में भिड़े समर्थक
गुरुवार दोपहर प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के सरकारी बंगले में दो कांग्रेस कार्यकर्ता बहस के बाद आपस में लड़ पड़े। बात मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अलग-अलग पसंद की थी। इस बीच एक कार्यकर्ता की पिटाई हो गई। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को अलग किया।

CGNews

इधर, बाबा के शरण में चरणदास
मुख्यमंत्री पद के दावेदार कांग्रेस नेता चरणदास महंत ने गुरुवार को वृंदावन से आए रितेश्वर महाराज से रायपुर के समता कॉलोनी स्थित खाटूश्याम मंदिर में आशीर्वाद लिया। कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं ने भी महाराज से मुलाकात की।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो