script

BJP की आंधी में अपना दुर्ग नहीं बचा सकी कांग्रेस, पढ़िए छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों की पूरी खबर

locationरायपुरPublished: May 24, 2019 09:08:56 am

Submitted by:

Deepak Sahu

भाजपा (BJP) ने अपनी शानदार जीत को एक बार फिर से दोहराया है। छत्तीसगढ़ की 11 सीटों में से 9 सीटें भाजपा के खाते में है

chhattisgarh lok sabha 2019

BJP के जीत की आंधी में अपना दुर्ग तक नहीं बचा सकी कांग्रेस, पढ़िए 11 लोकसभा सीटों की पूरी खबर

रायपुर. विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बावजूद लोकसभा चुनाव (Chhattisgarh Lok Sabha Election) में भाजपा ने अपनी शानदार जीत को एक बार फिर से दोहराया है। छत्तीसगढ़ की 11 सीटों में से 9 सीटें भाजपा के खाते में है।

वहीं दो सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली है लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू अपना दुर्ग भी बचाने में नाकाम रहे । दुर्ग में भाजपा के विजय बघेल ने 391978 वोटों से प्रदेश में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। वहीं दिग्गज नेता और मंत्री टीएस सिंहदेव (TS Singhdev) भी अपना गढ़ सरगुजा नहीं बचा सके हैं।
बस्तर

बस्तर में लोकसभा चुनाव की मतगणना जैसे ही शुरू हुई पहली चरण की मतगणना से ही कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी दीपक बैज ने पीछे मुडक़र नहीं देखा आखिरकार 18वें चरण के बाद भाजपा के बैदू राम कश्यप को 38982 हरा कर जीत हासिल कर ली।
पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के दिनेश कश्यप ने 124359 वोटो के अंतर से अपने प्रतिद्वंदी दीपक कुमार को हराया था। बस्तर लोकसभा सीट छत्तीसगढ़ के संसदीय क्षेत्रों में से एक है। भाजपा ने राज्य की 10 सीटों पर जीत हासिल की थी।
कांकेर

पुनर्गणना के लिए कांकेर लोकसभा चुनाव का परिणाम रोक दिया गया है। यहां का चुनाव परिणाम स्पष्ट नहीं होने से नाराज भाजपा कार्यकर्ता निर्वाचन कार्यालय शिकायत करने पहुंचे थे। इसके बाद वे धरने पर बैठ गए। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा, पूर्व विधायक व भाजपा प्रवक्ता श्रीचंद सुनरानी के साथ दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
महासमुंद

लोकसभा के लिए महासमुंद से भाजपा प्रत्याशी चुन्नीलाल साहू ने रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी धनेंद्र साहू को 85 हजार से भी ज्यादा वोटों से पराजित किया है। उनकी जीत के बाद भाजपाईयों में खुशी की लहर है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उत्साह से मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी।
राजनांदगांव

संस्कारधानी के नाम से मशहूर राजनांदगांव लोकसभा सीट पर एक बार फिर कमल खिल गया है। दो बार के कांग्रेसी विधायक भोलाराम साहू को हराकर भाजपा के संतोष पांडेय ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को कुल 1,11,546 लाख वोटों से पटखनी दी है। फिलहाल जीत की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

बिलासपुर

बिलासपुर लोकसभा सीट में कमल खिला है। यहां भाजपा प्रत्याशी अरुण साव 1 लाख 41 हजार से ज्यादा वोट से जीत हासिल की है। जीत के बाद अरुण साव ने कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। बता दें कि इस सीट पर 25 सालों से भाजपा का कब्जा है।

दुर्ग

विजय बघेल ने अपनी प्रतिद्वंदी और कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार प्रतिमा चंद्राकर को 391978 मतों से हरा दिया। वर्ष 2014 में प्रदेश के वर्तमान गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भाजपा की सरोज पांडेय को 16848 मतों से हरा दिया था।
जांजगीर

देर रात निकले परिणाम में भारतीय जनता पार्टी के गुहाराम अजगले ने कांग्रेस प्रत्याशी रविशेखर भारद्वाज को 82 हजार 368 मतों के अंतर से हरा दिया है। भाजपा के गुहाराम को जहां 570129 वोट मिले तो वहीं कांग्रेस के रवि को 487761 वोट मिले। इसी तरह बहुजन समाज पार्टी के दाउराम रत्नाकर की जमानत जब्त हो गई। दाउराम को 130586 वोट मिले हैं।
कोरबा

कोरबा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार ज्योत्सना महंत ने प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में मिली जीत का श्रेय संसदीय क्षेत्र की जनता एवं पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को समर्पित किया है।

उन्होंने कहा है कि जिस जुझारूपन से एक-एक कार्यकर्ता ने उनके लिए कार्य किया और पदाधिकारियों ने दिन-रात मेहनत की तथा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर जिन्होंने सहयोग किया, उसका परिणाम यह जीत है।
रायपुर

प्रदेश की सबसे हॉट सीट रायपुर से भाजपा ने एक बार फिर अपना दमखम दिखाया है। प्रदेश की इस सीट पर सुनील सोनी के रूप में पार्टी ने सातवीं बार जीत दर्ज की है। इस सीट से पिछले 6 लोकसभा चुनावों में भाजपा के रमेश बैस ने लगातार जीत दर्ज कर प्रदेश में रिकॉर्ड कायम किया था । भाजपा के सुनील सोनी ने पिछले चुनाव का रिकॉर्ड तोड़, 3 लाख 48 हजार मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
रायगढ़

भाजपा की गोमती साय ने 66 हजार से भी ज्यादा मतों के अंतर से जीत दर्ज कर ली है। जीत की इस घोषणा के बाद रायगढ़ में भाजपा के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। गोमती साय को कार्यकर्ताओं ने फूल-माला से लाद दिया और जमकर मोदी-मोदी के नारे लगाए। इधर कांग्रेस के खेमे में उदासी छा गई।
सरगुजा

छत्तीसगढ़ की सरगुजा सीट पर भाजपा की रेणुका सिंह ने चुनाव जीत लिया है।उन्होने कांग्रेस के उम्मीदवार को एक लाख 57 हजार 873 मतों से शिकस्त देकर सीट बरकरार रखा।

भाजपा की रेणुका सिंह को 663711 मत हासिल हुए जबकि कांग्रेस के खेलसाय सिंह को 505838 मत हासिल हुए।गोडवाना गणतंत्र पार्टी के शा देवी पोवा ने 24269 मत हासिल कर तीसरे तथा बहुजन समाज पार्टी की माया भगत 8344 मत हासिल कर चौथे स्थान पर रही।

ट्रेंडिंग वीडियो