रायपुर

नारायणपुर नक्सली हमले में घायल जवानों से मिले CM, बोले – विकास के मार्ग में नक्सली बाधक

मुख्यमंत्री रमन सिंह ने नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके में ग्राम इरपानार के पास नक्सलियों द्वारा पुलिस बल पर किए गए हमले की निन्दा की।

रायपुरJan 25, 2018 / 11:11 am

Ashish Gupta

रायपुर . छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज राज्य के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके में ग्राम इरपानार के पास नक्सलियों द्वारा पुलिस बल पर किए गए हमले की निन्दा की। नक्सली हमले में घायल जवानों से मिलने निजी अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री ने इस नक्सल हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा – राज्य और केन्द्र सरकार मिलकर अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में जनता की सुख-सुविधा और गांवों के विकास के लिए हर प्रकार की योजनाएं पहुंचाने का प्रयास कर रही है, जबकि आज की इस कायरतापूर्ण नक्सल वारदात से यह साबित होता है कि ग्रामीणों के विकास के मार्ग पर नक्सली बाधक बन रहे हैं, जो उनकी जनविरोधी और विकास विरोधी मानसिकता का परिचायक है।

 

वहीं मुख्यमंत्री ने इस हमले में डीआरजी के चार पुलिस कर्मियों की शहादत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। हमले में दो उप निरीक्षक और दो जवान शहीद हुए हैं। उन्होंने शहीदों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने घायल जवानों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है और सभी संबंधित अधिकारियों से कहा है कि घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज करवाया जाए।
इससे पहले नारायणपुर में बुधवार को हुए नक्सल हमले के बाद घायल जवानों को रायपुर लाया गया है। 9 घायल जवानों को रामकृष्ण हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। अस्पताल में घायलों को लाए जाने के बाद डीजीपी एएन उपाध्याय, डीजी नक्सल ऑपरेशन डीएम अवस्थी, आईजी प्रदीप गुप्ता, डीआईजी आनंद छाबड़ा, एसपी अमरेश मिश्रा सहित और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घायल जवानों का हालचाल जानने पहुंचे। बताया जा रहा है कि अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती जवानों में तीन जवानों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

सर्चिंग ऑपरेशन के लिए निकले थे जवान
बीती रात से डीआरजी और डीएफ की संयुक्त टीम इरपानार के जंगल में सर्चिंग ऑपरेशन के लिए निकली हुई थी। सर्चिंग के दौरान आज अचानक नक्सलियों ने जवानों पर पीठ पीछे हमला बोल दिया। हमले में 4 जवान शहीद हो गए और 11 जवान घायल हो गए हैं। घायल जवानों में 9 जवानों को राजधानी के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल लाया गया है, जहां सभी जवानों का इलाज जारी है। वहीं दूसरी ओर मुठभेड़ में कितने नक्सली मारे गए हैं फिलहाल इसकी जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है।

ये हैं घायल जवान
संजय पटेल, आरक्षक
घसिया राम, आरक्षक, डीआरजी
आर. मोहित, आरक्षक
संतोष कुमार दुग्गा, आरक्षक
बृजेश कुमार, आरक्षक, एसटीएफ
नंदकुमार लकड़ा, आरक्षक
रोहित बेसरा, आरक्षक
जागेंद्र उइके, आरक्षक
गोवर्धन कुंजाम, आरक्षक

Home / Raipur / नारायणपुर नक्सली हमले में घायल जवानों से मिले CM, बोले – विकास के मार्ग में नक्सली बाधक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.