जगदलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि सभी भविष्य में सचेत रहें, इसके लिए कार्रवाई तो होगी ही। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि ऐसा कभी-कभी धोखे से भी हो जाता है। हालांकि मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया कि मंत्री अजय चंद्राकर और बृजमोहन अग्रवाल जैसे नेताओं पर किस तरह की कार्रवाई होगी।
पुराने भाजपा कार्यकर्ता आहत
इस एपिसोड से जनसंघ और भाजपा के पुराने कार्यकर्ता खासे आहत हैं। उनसे बात करने पर पार्टी अनुशासन की दुहाई देकर भी वे आक्रोश व्यक्त करने से नहीं चूकते। रायपुर के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने कहा कि इन नेताओं ने उनको राजनीतिक जीवन में पहली बार शर्मसार किया है। जब लोग इसके बहाने भाजपा के चरित्र पर बात कर रहे हैं, तो वे बचाव के लिए कोई शब्द नहीं ढूंढ़ पा रहे हैं।
भारी पड़ रही अस्थि कलश यात्राएं अटलजी की अंतिम यात्रा के दौरान दिल्ली में उमड़ी भीड़ को देखकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने देशभर में अस्थि कलश यात्राओं का कार्यक्रम जो भी सोचकर बनाया हो, वह पार्टी पर भारी पड़ रहा है।
प्रदेशभर से मंत्रियों-नेताओं की कलश के साथ मुस्कराती तस्वीरों ने किरकिरी करा दी है। सोशल मीडिया पर लोग इन तस्वीरों को साझा कर जमकर आलोचना कर रहे हैं। विपक्ष भी इसे फैलाने में पीछे नहीं है। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले विपरीत माहौल बनने लगा है। भाजपा अब डैमेज कंट्रोल का तरीका ढूंढ़ रही है।