कांग्रेस को नहीं मिली स्पेशल ट्रेन, अपने-अपने साधन से गए दिल्ली
जिलाध्यक्ष और विधायकों की एक टीम कल हुई रवाना, आज प्रदेश अध्यक्ष ने भरी उड़ान
रायपुर
Published: June 20, 2022 11:37:14 am
रायपुर. राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर देशभर के कांग्रेसी कार्यकर्ता दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे। छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए। खास बात यह है कि प्रदेश कांग्रेस को दिल्ली जाने के लिए स्पेशल ट्रेन नहीं मिल सकी। इस वजह से वे अपने-अपने साधन से दिल्ली रवाना हुए। रविवार को जिलाध्यक्षों, विधायकों और विभिन्न प्रकोष्ठों के नेता दिल्ली रवाना हुए। इससे पहले मुख्यमंत्री भी दिल्ली गए। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सोमवार की सुबह दिल्ली के लिए उड़ान भरे।
कांग्रेस के प्रभारी संगठन महामंत्री अमरजीत चावला ने बताया कि कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए विशेष रेल बुक करने का प्रयास किया था, लेकिन नहीं मिली है। इसके बाद पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी-अपनी व्यवस्था कर दिल्ली के लिए रवाना हुए है। बताया जाता है कि रविवार की दोपहर में मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी और विकास उपाध्याय दिल्ली के लिए रवाना हुए। देर शाम किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौलेश्वर चंद्राकर अपने साथियों के साथ रवाना हुए। बता दें कि नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी लगातार राहुल गांधी से पूछताछ कर रही है। कांग्रेस लगातार इसका विरोध कर रही है। इसके लिए दिल्ली के बाद कांग्रेस ने प्रदेश और ब्लॉक स्तर पर धरना दिया है। वहीं दिल्ली रवाना होने से पहले प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार जानबूझकर हमारे नेता को परेशान कर रही है। जबकि नेशनल हेराल्ड के मामले में कांग्रेस ने चेक से भुगतान किया है। इस हिसाब से तो ईडी जबरन पूछताछ कर रही है। कांग्रेस लगातार इस मामले में विरोध कर रही है। इसे लेकर आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।

पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
